Type Here to Get Search Results !

https://www.facebook.com/humbharti.newslive

कल से फिर बदलेगा मौसम, यूपी में इस दिन होगी बारिश तेज आंधी और ओलों के भी आसार

 कल से फिर बदलेगा मौसम, यूपी में इस दिन होगी बारिश तेज आंधी और ओलों के भी आसार



हम भारती न्यूज से उत्तर प्रदेश चीफ व्यूरो प्रमुख धर्मेन्द्र कुमार श्रीवास्तव की ख़ास खबर


लखनऊ उत्तर प्रदेश में मौसम फिर बदलने वाला है। एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है जिसका असर बुधवार से दिखेगा। 11 को लखनऊ में तेज आंधी और बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार बादलों की आवाजाही मंगलवार की दोपहर बाद से ही शुरू हो सकती है। हाल में दो पश्चिमी विक्षोभ लखनऊ और आसपास के इलाकों के ऊपर से गुजरे। कमजोर होने की वजह से बादल तो छाए लेकिन बारिश नहीं हुई।


अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के अनुसार जो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है उसे अरब सागर से भारी मात्रा में नमी मिल रही है। इस कारण इसका असर व्यापक होगा। लखनऊ समेत पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिसंख्य जिलों में आंधी और बारिश का पूर्वानुमान है। कहीं-कहीं कहीं पर ओले भी गिर सकते हैं। इसका असर 48 घंटों तक बना रहेगा।


प्रयागराज पहला, आगरा दूसरा सबसे गर्म शहर


सोमवार को प्रयागराज प्रदेश के गर्म शहरों की सूची में पहले पायदान पर था। वहीं आगरा इस सूची में दूसरे स्थान पर रहा। ताजनगरी में गर्मी ने सैलानियों से लेकर स्कूली बच्चे और फील्ड वर्क करने वाले लोगों की हालत खस्ता कर दी। दिन का तापमान 40.1 डिग्री दर्ज किया गया। अप्रैल के शुरुआत में आगरा में दूसरी बार सर्वाधिक गर्मी रही। वहीं, प्रयागराज प्रदेशभर में सबसे गर्म रहा है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार गुरुवार को बारिश के आसार हैं। इससे तापमान में गिरावट होने की संभावना है।


सोमवार को सुबह से ही गर्मी ने तेवर दिखाना शुरू कर दिए थे। धूप इतनी तेज थी कि वाहनों पर चलते वक्त चुभ रही थी। आगरा के अधिकतम तापमान में सामान्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री पहुंच गया। न्यूनतम तापमान भी 19.5 डिग्री रहा है। वहीं, प्रयागराज का अधिकतम तापमान 40.7 और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रिकार्ड हुआ है। मथुरा प्रदेश में तीसरा सबसे गर्म शहर रहा है। यहां तापमान 40 डिग्री दर्ज हुआ है।


दो दिन बारिश से गिरेगा तापमान


मौसम विभाग के अनुसार अप्रैल के महीने में गर्मी अपने तेवर दिखाएगी। मंगलवार को दिन का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। बुधवार और गुरुवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और एक या दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ेंगी। इससे तापमान में गिरावट होने की प्रबल संभावना है।


बच्चों का रखें विशेष ध्यान


एसएन के बाल रोग विभाग के अध्यक्ष डॉ. नीरज यादव ने बताया कि बच्चे गर्मी में स्कूल से लौटकर आ रहे हैं। धूप में रहने के बाद एसी में जाने और ठंडे पेय पदार्थ का सेवन करने से गले में खराश और बुखार की समस्या हो रही है। इससे बचें, फास्ट फूड का सेवन न करें।


मौसम कर देगा बीमार


एसएन के मेडिसिन विभाग के डॉ. मनीष बंसल ने बताया कि तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। धूप में ज्यादा देर रहने से पसीना अधिक निकल रहा है। इससे इलेक्ट्रोलाइट असंतुलित होते हैं। पेट दर्द, उल्टी की समस्या होने लगती है। गर्मी में लोग बाजार के खाद्य पदार्थ, गन्ने का जूस, आइसक्रीम का सेवन करते हैं। इनकी गुणवत्ता ठीक न होने के कारण इनसे संक्रमण फैलता है।


इन बातों का रखें ध्यान


1- पानी, तरल पदार्थों का सेवन अधिक करें, चाय-काफी कम पीएं


2– धूप में निकले समय चश्मे, छाते का प्रयोग करें


3– नींबू शिकंजी, छाछ का सेवन करें


4- रात में ज्यादा चिकनाई युक्त और मसालेदार भोजन का सेवन न करें

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies