सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने किया तृतीय सोपान प्रशिक्षण शिविर का समापन,स्काउट-गाइड के उज्ज्वल भविष्य की कामना की
सेन्ट्रल पब्लिक स्कूल, छपरा में आयोजित जिला स्तरीय शिविर में जिले के 20 प्रखंडों से 250 स्काउट एवं गाइड ने लिया प्रशिक्षण,अनुशासन,सेवा और नेतृत्व क्षमता का मिला व्यावहारिक ज्ञान।
छपरा -- भारत स्काउट और गाइड, सारण के तत्वावधान में सेन्ट्रल पब्लिक स्कूल, छपरा में आयोजित जिला स्तरीय तृतीय सोपान प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में महाराजगंज के लोकप्रिय सांसद श्री जनार्दन सिंह सिग्रीवाल बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने शिविर में भाग लेने वाले स्काउट एवं गाइड कैडेटों का उत्साहवर्धन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में सारण जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 250 स्काउट एवं गाइड कैडेटों ने भाग लेकर प्रशिक्षण प्राप्त किया। शिविर के माध्यम से प्रतिभागियों में अनुशासन, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं आपदा के समय सहायता करने की भावना को विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।
समापन समारोह ने प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान, कौशल और अनुभवों को साझा करने का अवसर प्रदान किया। स्काउटिंग एवं गाइडिंग का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करना तथा उनमें राष्ट्रसेवा, मानवता और समाज के प्रति समर्पण की भावना विकसित करना है।
कार्यक्रम में भारत स्काउट और गाइड, सारण के उपाध्यक्ष सह सेन्ट्रल पब्लिक स्कूल ग्रुप के चेयरमैन डॉ. हरेंद्र सिंह, जिला मुख्य आयुक्त श्री हरेंद्र प्रसाद सिंह, जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) अमन राज सहित प्रशिक्षक प्रणव सिंह, आलोक राज, सुरेश, प्रमोद कुमार सिंह, शारदा शर्मा, मनोरमा कुमारी, आशुतोष एवं अंकित, अभिषेक सहित अन्य पदाधिकारी, प्रशिक्षक एवं स्काउट-गाइड कैडेट उपस्थित रहे।
जिला स्तरीय तृतीय सोपान प्रशिक्षण शिविर का सफल आयोजन भारत स्काउट और गाइड, सारण की ओर से युवाओं के सर्वांगीण विकास, अनुशासन और सेवा भावना को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।

