जिलाधिकारी बहराइच एवं पुलिस अधीक्षक बहराइच द्वारा मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर विशेष अभियान दिवस की गतिविधियों का लिया गया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण कर शैक्षिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित करने के दिये निर्देश
हम भारती न्यूज़ से उत्तर प्रदेश चीफ व्यूरो प्रमुख धर्मेन्द्र कुमार श्रीवास्तव की ख़ास ख़बर
बहराइच आज दिनांक 17.अक्टूबर.2026 को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार “कोई मतदाता न छूटे” (नो वोटर टू बी लेफ्ट बिहाइंड) के उद्देश्य से संचालित विशेष अभियान कार्यक्रम के अंतर्गत जिलाधिकारी बहराइच श्री राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक बहराइच श्री विश्वजीत श्रीवास्तव द्वारा मतदान केन्द्र राजकीय इंटर कॉलेज रमपुरवा एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय टिकोरा मोड़ का निरीक्षण कर विशेष अभियान दिवस के दौरान संचालित गतिविधियों एवं मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों से मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम सम्मिलित करने, प्रविष्टियों में त्रुटियों के संशोधन तथा पुनरीक्षण कार्य की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। निर्देशित किया गया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराया जाए तथा कोई भी पात्र मतदाता, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। साथ ही, मतदाता सूची से नाम अपमार्जित करने हेतु प्राप्त फॉर्म-7 के आवेदनों का नियमानुसार स्थलीय सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों को घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करने तथा उसमें दर्ज विवरणों का वास्तविक स्थिति से मिलान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मतदान केन्द्रों पर उपस्थित युवक-युवतियों से संवाद कर उन्हें मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने हेतु प्रेरित किया। पात्र युवाओं एवं आमजन से निर्धारित प्रक्रिया के तहत निर्वाचक नामावली में अपना नाम सम्मिलित कराने की अपील की।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा प्राइमरी विद्यालय हुसैनपुर का निरीक्षण कर विद्यालय में शैक्षिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान छात्रों से संवाद कर उनकी शैक्षिक समझ एवं पठन-पाठन के स्तर का आकलन किया गया तथा छात्राओं की विषयगत समझ एवं सीखने की क्षमता में सुधार लाने के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने पर विशेष बल दिया गया।


.jpeg)