Type Here to Get Search Results !

https://www.facebook.com/humbharti.newslive

आर०एस०के० ग्लोबल स्कूल , सलखुआ (अमनौर) में भारत स्काउट एवं गाइड सारण का पांच दिवसीय प्रथम सोपान प्रशिक्षण शिविर शुरू

 आर०एस०के० ग्लोबल स्कूल , सलखुआ (अमनौर) में भारत स्काउट एवं गाइड सारण का पांच दिवसीय प्रथम सोपान प्रशिक्षण शिविर शुरू




दीप प्रज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ, विशेषज्ञ प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में मिलेगा प्रथम सोपान का व्यावहारिक प्रशिक्षण


अमनौर/छपरा : भारत स्काउट एवं गाइड, सारण के तत्वावधान में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा), सारण के पत्र के आलोक में मंगलवार से  आर०एस०के० ग्लोबल स्कूल , सलखुआ (अमनौर) में प्रथम सोपान प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा-भाव, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, टीम भावना तथा राष्ट्रभक्ति जैसे जीवनोपयोगी गुणों का विकास करना है।


शिविर का विधिवत उद्घाटन जिला आयुक्त (स्काउट) अरुण परासर,प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अमनौर विमला कुमारी, जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) अमन राज, विद्यालय की निदेशक संगीता सिंह एवं प्रबंधक रजनीश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।


उद्घाटन अवसर पर अतिथियों ने कहा कि भारत स्काउट एवं गाइड केवल एक संगठन नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण की सशक्त पाठशाला है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, समयपालन, नेतृत्व, सेवा, सहयोग, आत्मविश्वास, साहस और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित होती है। वर्तमान समय में शिक्षा के साथ-साथ ऐसे व्यावहारिक प्रशिक्षण की आवश्यकता और भी बढ़ गई है, जिससे विद्यार्थी एक जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक बन सकें।


शिविर के दौरान प्रशिक्षुओं को स्काउट प्रतिज्ञा एवं नियम, ध्वज शिष्टाचार, स्काउट संकेत एवं सलामी, गांठें एवं बंधन,प्राथमिक उपचार,आपदा प्रबंधन,तंबू निर्माण एवं शिविर कौशल,टोली पद्धति,खेल एवं सामूहिक गतिविधियां,स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण,सामुदायिक सेवा,राष्ट्रभक्ति एवं व्यक्तित्व विकास जैसे विषयों का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को सेवा, अनुशासन और नेतृत्व के साथ-साथ कठिन परिस्थितियों में कार्य करने की दक्षता भी विकसित की जाएगी।


प्रशिक्षण का संचालन जिला प्रशिक्षक प्रणव सिंह एवं आशुतोष कुमार द्वारा किया जा रहा है, जबकि शिविर सहायक आलोक राज,नोडल टीचर नेहा तिवारी, आनन्द यादव प्रशिक्षण व्यवस्था एवं गतिविधियों के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।


इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी प्रशिक्षण गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाई तथा विद्यार्थियों को स्काउटिंग-गाइडिंग से जुड़कर समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए प्रेरित किया।


कार्यक्रम में विद्यालय परिवार एवं प्रशिक्षुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजकों ने बताया कि शिविर के समापन पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन कर उन्हें प्रथम सोपान की दक्षताओं के अनुरूप प्रमाणित किया जाएगा, जिससे वे स्काउट एवं गाइड की आगामी उन्नत प्रशिक्षण गतिविधियों में भाग लेने के लिए पात्र बन सकेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies