हम भारती न्यूज़
मंडल व्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह
संभल से खास खबर
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत विशेष रोजगार सृजन दिवस की तैयारियों की समीक्षा, प्रत्येक ग्राम पंचायत में न्यूनतम 55 से 60 श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश*
सम्भल, दिनांक 11 अक्टूबर, 2026
आयुक्त, ग्राम्य विकास, उत्तर प्रदेश के पत्रांक- बीबी-जीआरएसजी सेल/पत्रांक-14165/2026-27, दिनांक 01 अक्टूबर, 2026 के क्रम में दिनांक 12 अक्टूबर, 2026 को आयोजित होने वाले विशेष रोजगार सृजन दिवस के दृष्टिगत मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट द्वारा विकासखंड पवांसा, सम्भल, रजपुरा एवं गुन्नौर के विकासखंड मुख्यालयों पर पहुंचकर विकसित भारत–जी राम जी योजना के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों तथा श्रमिकों के नियोजन की तैयारियों की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान प्रत्येक ग्राम पंचायत में न्यूनतम 55 से 60 श्रमिकों को योजना के अंतर्गत रोजगार उपलब्ध कराने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
अवगत कराना है कि माननीय मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में माननीय उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी द्वारा उत्तर प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में अधिकतम मानव दिवसों का सृजन करते हुए अधिकाधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में शासन स्तर पर विशेष रोजगार सृजन दिवस की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जनपद सम्भल सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों की कार्ययोजना एवं रणनीति पर व्यापक चर्चा की गई तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अधिकाधिक अवसर सृजित करने पर विशेष बल दिया गया।
उक्त निर्देशों के अनुपालन में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा रविवार को संबंधित विकासखंड मुख्यालयों पर पहुंचकर विशेष रोजगार सृजन दिवस की तैयारियों की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप अनुमन्य एवं कार्य करने के इच्छुक श्रमिकों का नियोजन सुनिश्चित किया जाए तथा योजना के अंतर्गत स्वीकृत एवं प्रारंभ करने योग्य कार्यों पर समय से कार्य प्रारंभ कराया जाए, जिससे अधिकाधिक मानव दिवसों का सृजन करते हुए श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराया जा सके।
समीक्षा के दौरान ग्राम पंचायत अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि विशेष रोजगार सृजन दिवस के अवसर पर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। लक्ष्य के अनुरूप कार्यवाही न किए जाने अथवा शासन के निर्देशों की अवहेलना किए जाने की स्थिति में संबंधित कार्मिकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
समीक्षा के दौरान संबंधित खंड विकास अधिकारियों के साथ समस्त कार्यक्रम अधिकारी एवं तकनीकी सहायक उपस्थित रहे।
