Type Here to Get Search Results !

https://www.facebook.com/humbharti.newslive

अम्मा आश्रय निकेतन में शिव चर्चा एवं भजन-कीर्तन का आयोजन, माताओं को वस्त्र वितरित;

 अम्मा आश्रय निकेतन में शिव चर्चा एवं भजन-कीर्तन का आयोजन, माताओं को वस्त्र वितरित


;


हम भारती न्यूज़ से उत्तर प्रदेश चीफ व्यूरो प्रमुख धर्मेन्द्र कुमार श्रीवास्तव की ख़ास ख़बर


गोरखपुर 10 अक्टूबर 2026

नगर निगम गोरखपुर के सहयोग से मातृ आंचल सेवा संस्थान, गोरखनाथ, गोरखपुर द्वारा संचालित अम्मा आश्रय निकेतन, मोहरीपुर में शनिवार को अपराह्न 2 बजे से शिव चर्चा, भजन-कीर्तन एवं सेवा-सम्मान का भक्तिमय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आश्रय निकेतन में निवासरत माताओं एवं बच्चों के बीच आध्यात्मिक वातावरण निर्मित करने के साथ उन्हें प्रेम, अपनत्व और पारिवारिक खुशियों का अनुभव कराना था।

कार्यक्रम में शिव महिमा, भक्ति संगीत एवं आध्यात्मिक कथाओं के माध्यम से भगवान भोलेनाथ की आराधना की गई। प्रसिद्ध शिव चर्चा गायिका कमल मौर्य जी एवं उनकी सहयोगी टीम ने भजन-कीर्तन और आध्यात्मिक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। भजनों की मधुर धुनों पर आश्रय निकेतन में निवासरत माताओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की और स्वयं भजन गाकर भगवान शिव के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की


।

कार्यक्रम में कोमल मौर्य सहित भजन प्रस्तुत करने वाले कलाकारों एवं सहयोगियों का योगदान सराहनीय रहा। 

भजन-कीर्तन में सीमा यादव, दिनेश चौधरी, आदित्य सिंह, सुनीता सिंह सहित अन्य सहयोगियों ने अपनी सहभागिता से कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दिया।

पूजा-पंडाल की सजावट एवं व्यवस्थाओं में विशेष योगदान

कार्यक्रम के लिए पूजा स्थल एवं पंडाल की आकर्षक सजावट तथा संपूर्ण व्यवस्था रसिका चतुर्वेदी जी के सहयोग से की गई। उनकी मेहनत और सुंदर सजावट ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। वहीं, कार्यक्रम की समस्त प्रमुख व्यवस्थाओं का संयोजन पिंकी गुप्ता जी द्वारा किया गया। पिंकी गुप्ता जी, सरिता यादव जी एवं उनकी सहयोगी टीम ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


माताओं को वस्त्र एवं उपयोगी सामग्री भेंट


कार्यक्रम के दौरान आश्रय निकेतन में निवासरत माताओं की आवश्यकताओं और खुशियों का विशेष ध्यान रखा गया। वंदना सिंह जी द्वारा माताओं को 26 मैक्सी तथा साड़ी और ब्लाउज प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त माताओं की इच्छानुसार उन्हें चूड़ियाँ, इमरती,मिठाई तथा समोसा, चाऊमीन आदि खाद्य सामग्री भी उपलब्ध कराई गई।

इस पहल का उद्देश्य केवल वस्त्र एवं सामग्री वितरित करना नहीं, बल्कि उन महिलाओं को सम्मान, आत्मीयता और परिवार जैसा वातावरण प्रदान करना था, जिन्हें जीवन की विषम परिस्थितियों के कारण अपनों का साथ नहीं मिल पाया। माताओं के चेहरों पर खिलती मुस्कान ने कार्यक्रम की सार्थकता को और बढ़ा दिया।


श्री गिरिजा शंकर तिवारी ने प्रदान की पांच हज़ार रुपए की सहयोग राशि


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित श्री गिरिजा शंकर तिवारी जी, संरक्षक, सीनियर सिटीजन केयर सेंटर एवं मातृ आंचल सेवा संस्थान के संरक्षक, ने आश्रय निकेतन में निवासरत माताओं एवं बच्चों के पालन-पोषण, देखभाल और आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए पांच हजार रुपए की सहयोग राशि प्रदान की।

उनका यह सहयोग समाज के जरूरतमंद एवं उपेक्षित वर्गों के प्रति संवेदनशीलता, करुणा और सेवा भावना का प्रेरणादायक उदाहरण है।

कार्यक्रम में श्री विश्वनाथ लाल श्रीवास्तव, श्री भगवान चौधरी, श्री प्रमोद द्विवेदी (व्यवस्थापक, सीनियर सिटीजन केयर सेंटर) तथा डॉ. राम गुलाब (योगाचार्य),नागेंद्र सिंह,राजेंद्र मौर्य,प्रियंका छापड़िया,रिंकी जायसवाल,सुनीता सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने सेवा कार्यों की सराहना करते हुए जरूरतमंदों की सहायता के लिए समाज के अधिकाधिक लोगों से आगे आने का आह्वान किया।

सेवा ही सच्ची आध्यात्मिकता है

मातृ आंचल सेवा संस्थान की संस्थापक एवं संचालिका पुष्पलता सिंह ‘अम्मा’ ने सभी सहयोगकर्ताओं, कलाकारों एवं उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आश्रय निकेतन में निवासरत प्रत्येक माता को सम्मान, सुरक्षा, भोजन, वस्त्र, चिकित्सा और पारिवारिक अपनत्व उपलब्ध कराना संस्थान का प्रमुख उद्देश्य है। ऐसे आयोजनों से माताओं के जीवन में खुशियाँ आती हैं और उन्हें यह एहसास होता है कि वे अकेली नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि भगवान शिव की आराधना तभी सार्थक है, जब हम अपने आसपास के असहाय, बेसहारा, वृद्ध और जरूरतमंद लोगों के प्रति संवेदनशील बनें। जरूरतमंदों की सेवा, उनके सम्मान की रक्षा और उनके चेहरे पर मुस्कान लाना ही मानवता का वास्तविक धर्म है।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी सहयोगकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों से आयोजन भक्तिमय, आनंदमय एवं सेवाभाव से परिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


संस्थान का संकल्प है—हर बेसहारा को सहारा, हर जरूरतमंद को सम्मान और हर उदास चेहरे पर मुस्कान। पुष्पलता सिंह

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies