हम भारती न्यूज़
मंडल व्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह
संभल से खास खबर
औद्योगिक विकास एवं व्यापारियों की समस्याओं के समाधान पर जोर, अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण तरफ*
सीएम युवा, ओडीओपी, प्रोजेक्ट गंगा, यातायात, जल निकासी एवं राज्य कर समाधान योजना की हुई समीक्षा
सम्भल (बहजोई), 30 अक्टूबर 2026
जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देशन एवं मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु एवं व्यापार बंधु की बैठक आयोजित हुई। बैठक में औद्योगिक विकास, निवेश, सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार तथा व्यापारियों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के भी निर्देश दिए गए।
उपायुक्त उद्योग मुकेश कुमार ने बैठक के एजेंडा बिंदुओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, सीएम युवा, ओडीओपी एवं विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना की समीक्षा में बताया गया कि सीएम युवा योजना में सम्भल जनपद प्रदेश में 12वें स्थान पर है। मुख्य विकास अधिकारी ने उद्योग बंधुओं से युवाओं को योजनाओं के प्रति जागरूक कर स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने की अपील की।
प्रोजेक्ट गंगा के अंतर्गत ब्रॉडबैंड सेवा उपलब्ध कराने के लिए पांच लाख रुपये तक के ब्याजमुक्त ऋण, हाईस्पीड इंटरनेट के विस्तार, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण योजनाओं तथा मिनी कोल्ड स्टोरेज की स्थापना पर चर्चा हुई। आईजीआरएस के 254 प्रकरणों में से 232 के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की जानकारी दी गई। शेष प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने तथा निवेश मित्र पोर्टल पर प्राप्त प्रकरणों के संबंध में भी निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने सम्भल के 68 प्राचीन तीर्थों एवं 19 कूपों के विकास और सौंदर्यीकरण की जानकारी देते हुए पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर दिया। गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे खिरनी क्षेत्र में प्रस्तावित इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के माध्यम से औद्योगिक विकास को प्रोत्साहित करने की अपील की गई।
बैठक में सम्भल नगर में रात आठ बजे से सुबह आठ बजे तक बड़े वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध के संबंध में पास के नवीनीकरण तथा चन्दौसी में ई-रिक्शा से लगने वाले जाम की समस्या उठाई गई। व्यापार बंधु की बैठक में मुंसिफ रोड पर अतिक्रमण हटाने एवं पार्किंग व्यवस्था, आईटीआई चन्दौसी के पास दुकानों के आवंटन, चन्दौसी में नालों की तलीझाड़ सफाई तथा बहजोई में काली मंदिर और हाईवे के पास जल निकासी के मुद्दों पर चर्चा हुई।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद चन्दौसी को उप जिलाधिकारी से समन्वय स्थापित कर विनियमित क्षेत्र एवं व्यापार बंधु की संयुक्त बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद बहजोई ने बताया कि धीमरवाड़ी रोड की ओर नाला निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिससे जलभराव की समस्या से शीघ्र राहत मिलने की उम्मीद है।
बहजोई-सम्भल रोड पर रेलवे क्रॉसिंग के पास जाम, सम्भल में जिंस वाशिंग प्लांट, चन्दौसी में जर्जर भवनों, खाद्य सुरक्षा विभाग के लाइसेंस, विद्युत संबंधी समस्याओं, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, चन्दौसी क्षेत्र में तेज आवाज में डीजे बजाने तथा अग्निशमन विभाग से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) प्राप्त करने जैसे मुद्दे भी उठाए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने जर्जर भवनों के संबंध में सुरक्षा मानकों के अनुरूप नियमानुसार कार्रवाई करने तथा अन्य समस्याओं के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में राज्य कर ब्याज एवं अर्थदण्ड माफी समाधान योजना-2026 पर भी चर्चा की गई। चन्दौसी के उद्योगपति एवं उद्योग बंधु के सदस्य फूल प्रकाश जी के निधन पर उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
बैठक में उपायुक्त उद्योग मुकेश कुमार, उपायुक्त जीएसटी धर्मेन्द्र कुमार, उद्योग बंधु के सदस्य कमल कौशल वार्ष्णेय, अंकित जैन एवं शाजिया तथा व्यापार बंधु के सदस्य अरविंद कुमार गुप्ता, प्रेम ग्रोवर एवं अजय कुमार तम्बाकू सहित अन्य सदस्य और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जारी जिला सूचना कार्यालय सम्भल।
