Type Here to Get Search Results !

https://www.facebook.com/humbharti.newslive

77 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर माननीय प्रभारी मंत्री सारण जिला के द्वारा राजेंद्र स्टेडियम में किया गया ध्वजारोहण

 हम भारती न्यूज़

संवाददाता मोहम्मद अशरफ जिला ब्यूरो चीफ सारण बिहार 


77 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर माननीय प्रभारी मंत्री सारण जिला के द्वारा राजेंद्र स्टेडियम में किया गया ध्वजारोहण



सारण छपरा 15 अगस्त : 77वें स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर मुख्य समारोह स्थल राजेन्द्र स्टेडियम में ध्वजारोहण माननीय मंत्री विज्ञान एवं प्रावैधिकी बिहार-सह-प्रभारी मंत्री सारण श्री सुमित कुमार सिंह के द्वारा किया गया। इस अवसर पर अपने सम्बोधन में माननीय मंत्री महोदय ने जिला में विकासात्मक कार्यों का उल्लेख अपने सम्बोधन में सारगर्भित तरीके से किया।


माननीय मंत्री महोदय के द्वारा अपने संबोधन में कहा गया कि आज 15 अगस्त 2023 को 77वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर आयोजित समारोह में उपस्थित सम्माननीय जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ नागरिकगण, पदाधिकारीगण, प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया के प्रतिनिधिगण एवं समस्त सारणवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामना। आज के दिन हम विशेष रूप से सभी स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हुए उनके बलिदान एवं सर्वस्व न्योच्छावर की उनकी भावना को नमन करते हैं। देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सैनिकों को भी मैं अपना श्रद्धासुमन अर्पित करता हूँ। हम गर्व के साथ कह सकते है कि विश्व में भारत ही एकमात्र ऐसा देश है जहाँ बड़ी संख्या में विविध भाषा, धर्म एवं संस्कृतियों को मानने वाले लोग सदियों से शांतिपूर्ण व सामाजिक सौहार्द के साथ निवास करते हैं। विविधता में एकता ही हमारी सांस्कृतिक धरोहर है ऐसे अद्भुत एवं अतुलनीय भारत भूमि को मेरा शत्-शत् नमन ।

          सारण जिला वीर सपूतों की भूमि रही है। यह धरती डॉ राजेन्द्र प्रसाद, लोकनायक जयप्रकाश नारायण, शहीद राजेन्द्र सिंह, दारोगा प्रसाद राय, मौलाना मजहरुल हक, भोजपुरी के शेक्सपियर भिखारी ठाकुर एवं महेन्द्र मिश्र जैसे अनेकों वीरों की जननी एवं कर्मभूमि है। सारण की पवित्र भूमि पर निवास करने वाले सभी निवासियों को मेरा हार्दिक अभिनंदन आम जनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने हेतु हमारी सरकार लगातार दिन-रात प्रयासरत है। इसी क्रम में सारण जिले में 40 अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं 388 स्वास्थ्य उपकेन्द्रों को हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर के रूप में विकसित कर स्तरीय स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध करायी जा रही है। जिला में 01 जनवरी 2023 से 31 जुलाई 2023 तक विभिन्न अस्पतालों के ओ.पी.डी. में लगभग 21 लाख एवं आई.पी.डी. में लगभग एक लाख मरीजों का उपचार सफलतापूर्वक किया गया है। राष्ट्रीय यक्ष्मा उन्मूलन कार्यक्रम के तहत सारण जिला को उत्कृष्ट कार्य के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा कांस्य पदक से सम्मानित किया गया है। सदर अस्पताल छपरा में आधुनिक मशीन के जरिए विभिन्न तरह की स्वास्थ्य सेवाओं की सुविधाएँ प्रारंभ की गयी है। आगे बेहतर से बेहतर चिकित्सकीय सुविधा आमजनों को आसानी से उपलब्ध कराने हेतु हम कृत संकल्पित है।

         शिक्षा के बगैर समाज के प्रगति की कल्पना भी नहीं की जा सकती। इसलिए हमारी सरकार के कार्यों की प्राथमिकता सूची में शिक्षा का स्थान सर्वोपरि है। शिक्षा व्यवस्था में सुधार हेतु सरकार द्वारा नित नये कठोर कदम उठाये जा रहे हैं। इसी कड़ी में वर्ग 01 से 12वीं तक की कक्षा में नामांकन हेतु प्रवेशोत्सव अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अबतक विद्यालय से वंचित 14 हजार बच्चों का नामांकन करवाया गया है। वित्तीय वर्ष 2022-23 में सरकारी विद्यालयों में नामांकित हुए सभी छात्र / छात्राओं को साइकिल, पोशाक, छात्रवृति, किशोरी स्वास्थ्य योजनाओं हेतु लगभग 09 लाख छात्र / छात्राओं को मेघा सॉफ्ट पोर्टल के माध्यम से सीधा लाभुकों के खाते में राशि हस्तांतरित किया गया है। वित्तीय वर्ष 2022-23 में सरकारी विद्यालयों में मैट्रिक एवं इण्टरमीडियट उतीर्ण हुए छात्र/छात्राओं को प्रोत्साहन, मेघावृति एवं कन्या उत्थान योजना अंतर्गत लगभग तीस हजार छात्र/छात्राओं को मेघा साफ्ट पोर्टल के माध्यम से सीधा लाभुकों के खाते में राशि को हस्तांतरित कर दिया गया है। पाठ्य पुस्तक योजना अंतर्गत जिले के लगभग 05 लाख छात्र/छात्राओं को लाभांवित किया गया है।

         बाल विकास परियोजना के तहत जिला में क्रियाशील आँगनवाड़ी केन्द्रों के माध्यम से स्कूल पूर्व शिक्षा प्राप्त कर रहे 03 से 06 वर्ष के कुल लगभग एक लाख तीस हजार बच्चों को दैनिक पोषाहार नियमित रूप से दिया जा रहा है। लगभग तीन लाख सामान्य / कुपोषित बच्चों को टी.एच.आर. के जरिए लाभ पहुंचाया जा रहा है। दहेज प्रथा उन्मूलन एवं बाल विवाह उन्मूलन हेतु बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों के नेतृत्व में व्यापक रूप से विभिन्न कार्यक्रम के जरिए समाज में सकारात्मक माहौल बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत माह फरवरी-2023 से अबतक लगलग चार हजार बालिकाओं के आवेदनों को ऑनलाइन इन्ट्री कर दिया गया है। 'जीविका' गरीबी उन्मूलन एवं महिला सशक्तिकरण हेतु अहम भूमिका का निवर्हन करती है, जहाँ विशेषकर महिलाएं न सिर्फ वृहद स्तर पर चलाये जा रहे महत्वपूर्ण योजनाओं से लाभान्वित होती है, बल्कि सक्रिय रूप से अपनी भागीदारी सुनिश्चित करके हर क्षेत्र में एक प्रबल दावेदारी पेश करती है। जिला में लगभग 31 हजार स्वयं सहायता समूहों से लगभग तीन लाख 60 हजार परिवारों को जोड़ा जा चुका है। परियोजना द्वारा अबतक लगभग 27 हजार समूहों को लगभग 70 करोड़ की राशि परिक्रमी निधि एवं लगभग 26 हजार समूहों को आरंभिक पूँजीकरण निधि के रूप में लगभग 209 करोड़ की राशि उपलब्ध कराई गई है। 27 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों को बैंको द्वारा लगभग 815 करोड़ रूपये ऋण राशि के रूप में उपलब्ध करायी गयी है। जिनका उपयोग जीविका समूहों से सम्बद्ध दीदीयाँ अपने विभिन्न जीविकोपार्जन गतिविधियों में उपयोग कर रही है। समूहों का ऋण चुक (एन.पी.ए.) प्रतिशत शून्य है जो दीदीयों द्वारा पालन किये आ रहे उत्कृष्ट वित्तीय अनुशासन का परिचायक है।

        जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के जरिए जिला के लगभग 2 लाख सैतीस हजार पेंशनधारियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन का भुगतान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री बृद्धजन पेंशन योजना के तहत जिला के लगभग कुल 01 लाख 62 हजार पेंशनधारियों को पेंशन भुगतान किया जा रहा है। सरकार के द्वारा अनसूचित जाति / जनजाति समुदाय के कल्याण हेतु विभिन्न तरह की योजनाएँ चलाई आ रही है। डॉ. भीमराव अम्बेदकर आवासीय छात्रावास में पठन-पाठन के साथ-साथ खान-पान की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। महादलित समुदाय के सामाजिक उत्थान हेतु 78 सामुदायिक भवन-सह- वर्कशेड का निर्माण महादलित टोलों में किया गया है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत कुल 323 पीड़ित / पीड़िता को कुल लगभग 01 करोड़ 63 लाख रूपया मुआवजा राशि के रूप में भुगतान किया गया है। मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक विद्यार्थी प्रोत्साहन योजनान्तर्गत वित्तीय वर्ष 2023-24 में अबतक कुल 326 छात्र / छात्राओं को लगभग 49 लाख राशि को वितरित किया गया है। मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक रोजगार ऋण योजना के अंतर्गत अबतक 88 लाभुकों के बीच लगभग तीन करोड़ की राशि वितरित की गई है।

        पंचायती राज व्यवस्था के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में सभी आधारभूत सुविधा को उपलब्ध कराने हेतु सरकार कृ तसंकल्पित है। इसके तहत जिले के शत-प्रतिशत वार्डों में मुख्यमंत्री ग्रामीण गली-नाली, पक्कीकरण योजना पूर्ण कर ली गई है। हर घर नल का जल योजना भी लगभग शत-प्रतिशत पूर्ण कर ली गयी है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाईट योजना के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायतों के 04-04 वार्डो में क्रमशः 10-10 सोलर स्ट्रीट लाईट अधिष्ठापित करने का कार्य प्रारंभ हो गया है। जिला में महात्मा गाँधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना सफलतापूर्वक कार्यान्वियत की जा रही है। इस योजना के तहत 01 अप्रैल 2023 से 08 अगस्त 2023 तक कुल लगभग 35 लाख मानव दिवस सृजित किया गया तथा इस अवधि में लगभग कुल 130 करोड़ राशि का भुगतान किया गया। जिला में सामाजिक वानिकी के तहत कुल 02 लाख 80 हजार पौधा रोपण किया गया। भू-अभिलेखों का आधुनिक ढंग से रख-रखाव हेतु जिला के 15 अंचलों में अभिलेख भवनों को क्रियाशील बनाया गया है। जिला अभिलेखागार तथा अंचल कार्यालयों में संधारित भू अखिलेखों / राजस्व अभिलेखों के स्कैनिंग एवं डिजिटाईजेशन का कार्य प्रारंभ हो गया है।

         प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत जिला के विभिन्न प्रखण्डों के लगभग कुल 05 लाख 72 हजार किसानों को वार्षिक छह हजार रुपये की राशि सीधे उनके खातों में डी.बी.टी के माध्यम से हस्तांतरित की जा रही है। जिला में बालू के अवैध खनन, परिवहन एवं ओवर लोडिंग पर प्रभावी रोकथाम हेतु लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। जनवरी 2023 से जुलाई 2023 तक कुल 732 छापामारी के तहत 468 प्राथमिकी दर्ज की गई। इस क्रम में 363 व्यक्तियों की गिरफ्तारी के साथ 1522 वाहन जब्त किये गये। दण्ड स्वरूप लगभग 32 करोड राशि प्राप्त की गई है। परिवहन विभाग के द्वारा ओवर लोडेड वाहनों पर कार्रवाई करते हुए नियमानुसार लगभग 27 करोड़ का जुर्माना की राशि वसूली की गई है। राज्य में लागू शराबबंदी कानून का जिला में सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करवाया जा रहा है। माह जनवरी 2023 से जुलाई 2023 तक पुलिस विभाग एवं मद्यनिषेध विभाग द्वारा लगभग 51 हजार छापेमारी करते हुए लगभग कुल 2120 अभियोग दर्ज कर 8577 व्यक्तियों की गिरफ्तारी की गई है। 2 लाख 23 हजार लीटर शराब बरामद करते हुए शराब के परिवहन में प्रयुक्त 358 वाहनों को जब्त किया गया। इस दौरान राजसात वाहनों की नीलामी से लगभग कुल 5 करोड़ राशि का राजस्व प्राप्त किया गया। मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए सरकार द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि जहरीली शराब पीने से मृत व्यक्तियों के आश्रितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 4 लाख रू० अनुग्रह अनुदान के रूप में प्रदान किया जाएगा। विगत दिनों सारण जिला के मढ़ौरा अनुमंडल अंतर्गत जहरीली शराब के सेवन से कुछ हुई थी उन सभी को अनुग्रह अनुदान प्रदान करने की कार्रवाई की जा रही है। व्यक्तियों की मृत्यु आपदा से पीडित व्यक्तियों, परिवारजनों एवं उनके आश्रितजनों को तत्काल हर तरह की सहायता देने पहुंचाने हेतु सरकार गंभीर है। इसी के आलोक में वर्ष 2023 में प्राकृतिक / गैर प्राकृतिक एवं स्थानीय आपदा की घटना में कुल 96 मृतक जनों के निकटतम आश्रितजनों को 04 लाख रूपये की दर से कुल - 03 करोड़ 84 लाख रुपये अनुग्रह अनुदान राशि का भुगतान किया गया है। जिला में विभिन्न स्थलों पर घटित अग्निकांडों में तत्काल सहायता राशि के रूप में लगभग 55 लाख रूपये का वितरण किया गया है। बेरोजगारों को रोजगार दिलाने हेतु सरकार द्वारा निरतंर प्रयत्न किया जा रहा है। राज्य स्तर पर विभिन्न विभागों में नियुक्ति हेतु लगातार परीक्षाओं का आयोजन किया जा रहा है। जिला में इसी क्रम में नियोजन मेला का आयोजन किया जा रहा है। जनवरी से अबतक कुल 17 कैम्प का आयोजन किया गया है। विभिन्न कौशल विकास मिशन के जरिए लगभग एक लाख से ऊपर पुरुष एवं महिला को प्रशिक्षित करने का कार्य किया गया है। जिला के सर्वागीण विकास हेतु महत्वपूर्ण सड़क एवं पुल परियोजनाओं में बाधक भू-अर्जन की समस्याओं का एक-एक करके हल कर दिया गया है। इसके कारण दीघा-सोनपुर रेल-सह-सड़क पुल के पहुँच पथ निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है। एन. एच. 19 फोरलेन निर्माण कार्य, रिविलगंज बाईपास निर्माणकार्य, छपरा शहर डबल डेकर फ्लाई ओवर निर्माण कार्य में तेजी आ गई है। जल्द ही ये परियोजना पूर्ण हो जाएँगी। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने पर सारण जिला का चतुर्दिक विकास होगा। अन्य राष्ट्रीय स्तर की परियोजनाओं के निर्माण कार्य को प्रारंभ कराने हेतु प्रभावी पहल की गयी है। जिला में उद्योगों की स्थापना हेतु योजनाबद्ध तरीके से प्रयास प्रारम्भ किया गया है। इसी क्रम में जिला में

       पहली बार इन्वेस्टर मीट का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। सरकार की औद्योगिक नीति से इन्वेस्टरों को अवगत कराने एवं सकारात्मक माहौल की जानकारी देने से नये उद्योगों के स्थापित करने में इन्वेस्टरों की दिलचस्पी से सारण जिला के विकास का नया अध्याय प्रारंभ होगा। जल-जीवन-हरियाली योजनान्तर्गत वित्तीय वर्ष 2023-24 में लगभग दो लाख से ऊपर पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित कर कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है। किसानों एवं आम जनता को पर्यावरण के लिए जागरुक करने के उद्देश्य से जिला में मोबाइल वैन एवं अस्थाई पौधा बिक्री केन्द्र स्थापित कर पौधा का वितरण किया जा रहा है। कृषि वानिकी योजनान्तर्गत वित्तीय वर्ष 2023-24 में कुल 01 लाख 50 हजार पौधे के वितरण का लक्ष्य रखा गया है। जिला में मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना अंतर्गत माह जनवरी 2023 से अबतक लगभग 30 करोड़ की राशि से विभिन्न तरह की योजनाओं को कार्यान्वित किया जा रहा है। सेवा के दौरान मृत सरकारी सेवकों के 35 आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति की अनुशंसा की गई है। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के लगभग 04 लाख 65 हजार कार्डों के जरिए जिला के 25 लाख से ऊपर व्यक्तियों को प्रतिमाह माह 05 किलोग्राम खाद्यान्न मुफ्त में वितरित किया जा रहा है। अन्त्योदय अन्न योजना के 90 हजार कार्डों के अंतर्गत चयनित परिवारों के लगभग 5 लाख व्यक्तियों को प्रतिमाह प्रति परिवार 35 किलो खाद्यान्न मुफ्त में वितरित किया जा रहा है। श्रम संसाधन विभाग के द्वारा श्रमिकों के कल्याणार्थ सरकार की विभिन्न योजनाओं के जरिए लगभग 14 करोड़ की राशि का भुगतान श्रमिकों अथवा उनके आश्रितों के बैंक खातों में किया गया है।

     अंत में मैं स्वतंत्रता दिवस के पुनीत अवसर पर आप सबों को पुनः हार्दिक बधाई देते हुए कहना चाहता हूँ कि. आइए हमसब मिलकर संकल्प लें कि स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को व्यर्थ नहीं जाने देगें। देश के महापुरुषों के द्वारा दिखाए गये पथ पर प्रगति की ओर लगातार बढ़ते रहेंगे ।

         आइए निजी हितों से ऊपर उठकर लोक कामना के साथ एकजुटता का संकल्प लें।


मेरे साथ जोर से बोलें -


जय हिन्द । जय हिन्द ।          जय हिन्द । जय बिहार ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies