Type Here to Get Search Results !

https://www.facebook.com/humbharti.newslive

पंकज चौधरी लगातार दूसरी बार बने मंत्री, कमलेश पासवान को भी तोहफा

 पंकज चौधरी लगातार दूसरी बार बने मंत्री, कमलेश पासवान को भी तोहफा



हम भारती न्यूज से उत्तर प्रदेश चीफ व्यूरो प्रमुख धर्मेन्द्र कुमार श्रीवास्तव की ख़ास खबर


महराजगंज गोरखपुर मंडल से पहली बार केन्द्रीय मंत्रिमंडल में एक साथ दो चेहरों को जगह मिली है। मोदी 2.0 में केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री रहे पंकज चौधरी को महराजगंज लोकसभा सीट से सातवीं जीत दर्ज करने के बाद लगातार दूसरी बार मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। वहीं गोरखपुर की बांसगांव सुरक्षित लोकसभा सीट से लगातार चार चुनाव जीतने वाले कमलेश पासवान को भी केंद्र में मंत्री बनाया गया है। इसे लेकर भाजपाइयों में जश्न का माहौल है।


महराजगंज लोकसभा सीट पर पंकज चौधरी को इस बार कांग्रेस के वीरेन्द्र चौधरी से कड़ी टक्कर मिली लेकिन जीत पंकज चौधरी की हुई। पंकज चौधरी ने पार्षदी से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की। गोरखपुर नगर निगम में 1989 में पहली बार पार्षद चुने गए। इंडरमीडिएट उत्तीर्ण 59 वर्षीय पंकज चौधरी 1990 में गोरखपुर नगर निगम में डिप्टी मेयर बने। इस पद रहते हुए वर्ष 1991 में भाजपा के टिकट पर पहली बार महराजगंज लोकसभा सीट से 26 साल की उम्र में सांसद बने। फिर वर्ष 1996 व 1998 के चुनाव में लगातार विजय हासिल कर हैट्रिक लगाई। वर्ष 1999 के चुनाव में सपा प्रत्याशी कुंवर अखिलेश सिंह से हार का सामना करने के बाद 2004 के चुनाव में पुनः वापसी की। वर्ष में 2009 फिर चुनाव हार गए। उसके बाद 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव में सातवीं बार जीत हासिल की। मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में वह केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री रहे। अब दूसरी बार उन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह मिली है।


मां और भाई रहे जिला पंचायत अध्यक्ष


महराजगंज जिला पंचायत की राजनीति भी पंकज चौधरी और उनके परिवार के इर्द-गिर्द ही घूमती रही है। जिला पंचायत में पंकज चौधरी के बड़े भाई स्व. प्रदीप चौधरी व उनकी मां उज्ज्वला चौधरी अध्यक्ष रह चुकी हैं। कुर्मी व पटनवार बिरादरी में पंकज चौधरी की अच्छी पैठ है।


लगातार चार जीत हासिल करने वाले कमलेश को मिला इनाम


गोरखपुर जिले की बांसगांव (सुरक्षित) लोकसभा सीट से वर्ष 2009 से लगातार चौथी बार जीत हासिल करने वाले कमलेश पासवान को एनडीए सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी मिली है। कमलेश को रविवार की सुबह करीब 10.30 बजे शपथ ग्रहण कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर फोन आया और उन्हें मंत्री पद के शपथ को लेकर जानकारी दी गई। 47 वर्षीय कमलेश पासवान की प्रारंभिक शिक्षा गोरखपुर के सेंट पॉल स्कूल से हुई। वह गोरखपुर यूनिवर्सिटी से राजनीति विज्ञान में परास्नातक हैं। कमलेश पासवान ने 2002 में मानीराम विधानसभा सीट से सपा के टिकट पर पहली बार जीत हासिल की। फिर 2009 में भाजपा के टिकट पर बांसगांव लोकसभा सीट से चुनाव जीता। उसके बाद 2014, 2019 और अब 2024 में चौथी बार बांसगांव सीट से सांसद बने हैं। वह याचिका समिति सदस्य, खाद्य उपभोक्ता मामले और सार्वजनिक वितरण संबंधी स्थायी समिति के सदस्य रह चुके हैं।


पारिवारिक पृष्ठभूमि


कमलेश पासवान की मां सुभावती पासवान बांसगांव से सपा के टिकट पर 1996 में सांसद बनी थीं। पिता ओमप्रकाश मानीराम विधानसभा से तीन बार विधायक रहे। कमलेश के भाई डॉ. विमलेश पासवान चरगांवा ब्लॉक के प्रमुख रहे। फिर 2017 और 2022 के चुनाव में बांसगांव विधानसभा सीट से विधायक चुने गए। कमलेश पासवान की पत्नी रितु पासवान वर्ष 2006 से लेकर 2012 तक गोरखपुर नगर निगम में पार्षद रह चुकी हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies