हम भारती न्यूज़
मंडल व्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह
संभल से खास खबर
अनुदेशक सम्मान एवं बढ़े हुए मानदेय शुभारंभ समारोह का हुआ आयोजन, अनुदेशकों को वितरित किए गए ₹17,000 के प्रतीकात्मक चेक
सम्भल (बहजोई), 17 मई 2026
आज कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल के निर्देशन एवं मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट की अध्यक्षता में अनुदेशक सम्मान एवं बढ़े हुए मानदेय शुभारंभ समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक गुन्नौर अजीत कुमार उर्फ राजू यादव उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ओमवीर सिंह खड़गवंशी तथा माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी जी के प्रतिनिधि चन्द्रसेन दिवाकर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंतर्गत सर्वप्रथम लखनऊ में आयोजित माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के अनुदेशक सम्मान एवं चेक वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, मुख्य विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा, खण्ड शिक्षा अधिकारियों, शिक्षकों एवं अनुदेशकों द्वारा देखा एवं सुना गया।
इसके उपरांत कलक्ट्रेट सभागार में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा सभी अतिथियों का पुष्प एवं पुस्तक भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
मुख्य अतिथि अजीत कुमार उर्फ राजू यादव ने अपने संबोधन में कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा अनुदेशकों का मानदेय बढ़ाया जाना एक सराहनीय एवं ऐतिहासिक निर्णय है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रभावी कार्य कर रही है तथा शिक्षा की गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में परिषदीय विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था इतनी सुदृढ़ होगी कि अभिभावक निजी विद्यालयों के स्थान पर अपने बच्चों को सरकारी विद्यालयों में शिक्षा दिलाना पसंद करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य गांव के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम को मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट एवं पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ओमवीर सिंह खड़गवंशी द्वारा भी संबोधित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा अनुदेशकों को बढ़े हुए मानदेय ₹17,000 के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए।
कार्यक्रम में शिक्षकगण, अनुदेशक, संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जारी जिला सूचना कार्यालय, सम्भल

