हम भारती न्यूज़
मंडल व्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह
संभल से खास खबर
जनपद सम्भल
दिनांक - 23 मई, 2026
जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य में रूचि न लेने पर 60 प्रगणक एवं 11 सुपरवाइजर के विरूद्ध जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत एफआईआर दर्ज किये जाने की कार्यवाही किये जाने का नोटिस जारी
भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत संचालित मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य में नियुक्त प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों द्वारा कार्य में अपेक्षित रूचि न लेने तथा बार-बार निर्देशित किये जाने के बावजूद कार्य में सुधार न किये जाने पर जिला प्रशासन द्वारा कठोर कार्यवाही प्रारम्भ की गयी है।
प्रमुख जनगणना अधिकारी/जिलाधिकारी सम्भल अंकित खण्डेलवाल के निर्देशानुसार कार्य में लापरवाही बरतने एवं अनुपस्थित रहने वाले कुल 60 प्रगणकों एवं 11 सुपरवाइजरों के विरुद्ध जनगणना अधिनियम, 1948 के अंतर्गत एफआईआर दर्ज किये जाने की कार्यवाही हेतु चार्ज अधिकारियों द्वारा नोटिस जारी किये गये हैं।
साथ ही ऐसे कार्मिक, जो वर्तमान में भी जनगणना कार्य से बचने अथवा ड्यूटी कटाने का प्रयास कर रहे हैं, उनके प्रकरण को भी जिला प्रशासन द्वारा अत्यन्त गंभीरता से लिया गया है। संबंधित कार्मिकों को निर्देशित किया गया है कि वे तत्काल अपने आवंटित क्षेत्र में कार्यभार ग्रहण करते हुए जनगणना कार्य में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें, अन्यथा उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट निर्देश दिये गये हैं कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में किसी भी प्रकार की उदासीनता, लापरवाही अथवा कार्य में अनावश्यक विलम्ब को गंभीरता से लिया जायेगा। समस्त संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने आवंटित क्षेत्र में निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं शत-प्रतिशत कार्य सुनिश्चित करें। जिला प्रशासन द्वारा यह भी निर्देशित किया गया है कि जिन प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों की प्रगति शून्य अथवा अत्यन्त कम पायी जा रही है, उनके विरुद्ध निरंतर समीक्षा करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।

.jpeg)