Type Here to Get Search Results !

https://www.facebook.com/humbharti.newslive

लखनऊ: 240 अवैध चैंबरों पर गरजा बुलडोजर, प्रदर्शन कर रहे वकीलों पर पुलिस ने बरसाईं लाठियां, हंगामा

लखनऊ: 240 अवैध चैंबरों पर गरजा बुलडोजर, प्रदर्शन कर रहे वकीलों पर पुलिस ने बरसाईं लाठियां, हंगामा


लखनऊ: 
उत्‍तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार सुबह वकीलों और पुलिसकर्मियों में भिड़ंत हो गई। दरअसल, इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के बाद नगर निगम और जिला प्रशासन की टीमें कैसरबाग स्थित कचहरी के आसपास वकीलों के अवैध चैंबरों पर कार्रवाई करने पहुंचीं। बुलडोजर के जरिये अतिक्रमण को हटा दिया गया। इस दौरान वकीलों ने जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने लाठियों बरसाकर उनको तितर-बितर किया।

हाईकोर्ट ने स्‍वास्‍थ्‍य भवन और कचहरी के आसपास बने वकीलों के 240 अवैध चैंबर तोड़ने का आदेश दिया था। इसके बाद नगर निगम ने नोटिस चस्‍पा किए थे। वकीलों को खुद अवैध चैंबर हटाने के लिए समय दिया गया था। वक्‍त पूरा होने के बाद भी जब अवैध चैंबर नहीं हटे तब इसे बुलडोजर चलाकर ढहा दिया गया। वकीलों के हंगामे की आशंका को देखते हुए पीएसी तैनात की गई थी।

वकीलों ने 'गो बैक' और 'मुर्दाबाद' के नारे लगाए

नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि स्‍वास्‍थ्‍य भवन चौराहे से चकबस्‍त चौराहे की सड़क पर, सदर तहसील और निबंधन कार्यालय, रेजिडेंसी से सीएमओ, स्‍वास्‍थ्‍य भवन से जिला सत्र न्‍यायालय की ओर सड़क पर अवैध चैंबर बनाए गए हैं। नगर निगम की टीम ने जब कार्रवाई शुरू की तो वकील विरोध जताने लगे। उन्‍होंने गो बैक और पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।

बगैर विकल्‍प के कामकाज पर पड़ेगा असर: वकील

प्रदर्शनकारी वकीलों का कहना है कि बिना किसी वैकल्पिक व्‍यवस्‍था के उनके चैंबर हटाने से उनके कामकाज पर सीधा असर पड़ेगा और उन्‍हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।

नगर निगम को लंबे समय से मिल रही थीं शिकायतें

नगर निगम को कोर्ट परिसर के आसपास लंबे समय से अवैध कब्‍जों की शिकायत मिल रही थी। इनकी वजह से सड़कें संकरी हो गई थीं और आवागमन में दिक्‍कत होती थी। इसी को ध्‍यान में रखते हुए इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि सभी अवैध कब्‍जों को हटाने तक अभियान जारी रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies