जनपद के कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान हेतु जिलाधिकारी को सौंपा गया ज्ञापन
सभी समस्याओं के त्वरित निस्तारण का मिला आश्वासन:रूपेश
हम भारती न्यूज़ से उत्तर प्रदेश चीफ व्यूरो प्रमुख धर्मेन्द्र कुमार श्रीवास्तव की ख़ास ख़बर
गोरखपुर 27 जुलाई। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, गोरखपुर का एक प्रतिनिधिमंडल आज जिलाधिकारी महोदय कार्यालय पहुंचकर उनका कार्य देख रहे अपर जिलाधिकारी नगर गजेंद्र कुमार को जनपद के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों से प्राप्त शिकायतों के आधार पर जिलाधिकारी गोरखपुर को संबोधित एक ज्ञापन सौंपकर कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई।
ज्ञापन में परिषद ने मांग की है कि जनपद के सभी विभागों के कर्मचारियों की जीपीएफ/एनपीएस पासबुक का अद्यतन कराया जाए, ताकि प्रत्येक कर्मचारी को अपने अंशदान एवं शेष राशि की सही जानकारी उपलब्ध हो सके।
इसके अतिरिक्त सभी कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका (सर्विस बुक) का अद्यतन कराए जाने की मांग की गई है। परिषद ने यह भी अवगत कराया कि अनेक विभागों के कर्मचारियों की मानव संपदा पोर्टल पर अंकित प्रविष्टियां सेवा पुस्तिका से मेल नहीं खाती हैं, जिसके कारण वेतन, पदोन्नति, पेंशन एवं अन्य सेवा संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। अतः सेवा पुस्तिका के अनुरूप सभी प्रविष्टियों को संशोधित कराया जाए।
परिषद ने यह भी मांग की कि जनपद के सभी एनपीएस कर्मचारियों से एस-2 (S-2) प्रपत्र भरवाकर उनके PRAN कार्ड पर अंकित सभी विवरणों को सही कराया जाए, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि जनपद के सभी संविदा एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को समयबद्ध रूप से मानदेय का भुगतान सुनिश्चित कराया जाए।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि उपरोक्त बिंदुओं के संबंध में जनपद के सभी आहरण एवं वितरण अधिकारियों (DDO) को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि सभी विभागों के कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो सके।
परिषद की मांग पर अपर जिलाधिकारी नगर गोरखपुर कर्मचारियों की इन न्यायोचित समस्याओं का संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का दिशा निर्देश जारी किया जिससे कर्मचारियों को अनावश्यक कठिनाइयों से राहत मिल सके।
इस अवसर पर रूपेश श्रीवास्तव, मदन मुरारी शुक्ल, अशोक पांडेय, पंडित श्याम नारायण शुक्ल, अनूप कुमार, सुभाष पांडेय, इजहार अली, रामधनी पासवान मुखदेव अशोक मौर्य राजू कुमार आदि लोग उपस्थित रहे।
