हम भारती न्यूज़
मंडल व्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह
संभल से खास खबर
भारी वर्षा को लेकर सम्भल में एडवाइजरी जारी*
25 से 27 सितम्बर तक भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना, आमजन की सुरक्षा एवं कृषि के दृष्टिगत सावधानी बरतने की अपील
सम्भल (बहजोई), 25सितम्बर 2026
भारत मौसम विज्ञान विभाग, प्रादेशिक मौसम विज्ञान केन्द्र, लखनऊ द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी के क्रम में जनपद सम्भल में 25 से 27 सितम्बर 2026 तक भारी से अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है। इस दौरान अनेक स्थानों पर भारी वर्षा के साथ आकाशीय बिजली एवं वज्रपात की भी संभावना है।
जनपदवासियों की सुरक्षा तथा कृषि के दृष्टिगत जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) सत्यप्रिय सिंह द्वारा एडवाइजरी जारी करते हुए आमजन से निम्न सावधानियां बरतने की अपील की गई है—
आकस्मिक निचले एवं बाढ़ वाले एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा पेड़ों की शरण लेने से बचें।
सुरक्षित एवं संरक्षित पक्के मकानों के अंदर आश्रय लें।
अस्थायी एवं असुरक्षित संरचनाओं को खाली कराकर सुरक्षित किया जाए।
खनन गतिविधियों को परिस्थितियों के अनुसार नियंत्रित किया जाए।
कृषि अनाज एवं पानी से नुकसान होने वाले उत्पादों को ऊंचे स्थान पर रखें।
कृषि कार्यों में सिंचाई, कटाई एवं उर्वरक के प्रयोग से बचें।
सामुदायिक सेवाओं में बड़ी विफलता से बचने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की योजना तैयार रखें।
अपेक्षित विलंब /यातायात बंद होने के कारण पूर्व योजना बनाएं तथा अनावश्यक यात्रा स्थगित करें।
नालों एवं मौसमी जलधाराओं से दूर एवं सुरक्षित रहें।
कच्ची पानी से भरी सड़कों पर वाहन चलाने से बचें तथा बारिश के दौरान फिसलन एवं कम दृश्यता की स्थिति में विशेष सावधानी बरतें।
चेतावनी/खतरे के निशान के निकट बहने वाली नदी के बैराजों/तटों एवं आसपास के निचले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा तटबंधों एवं बांधों के कटाव को रोकने के लिए आवश्यक उपाय किए जाएं।
अतिप्रवाहित पुलों, जलप्रपातों एवं जलमग्न सुरंगों से यात्रा करने से बचें।
आवश्यकता के आधार पर अस्थायी आश्रय गृह, अस्पताल तथा भोजन, पानी एवं बिजली की व्यवस्था को स्टैंडबाय मोड पर रखा जा सकता है।
अपर जिलाधिकारी ने समस्त संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने तहसील क्षेत्रान्तर्गत एडवाइजरी का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए इसका अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
जारी जिला सूचना कार्यालय सम्भल।
