हम भारती न्यूज़
मंडल व्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह
संभल से खास खबर
विश्व पर्यटन दिवस पर आयोजित होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं
पोस्टर डिजाइनिंग, पर्यटन क्विज, पेंटिंग, रील एवं वीडियो मेकिंग प्रतियोगिताओं में विद्यार्थी एवं इनफ्लूएंसर कर सकेंगे प्रतिभाग
सम्भल (बहजोई), 26 सितम्बर 2026
जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देशन एवं मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट की अध्यक्षता में आज मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बैठक आयोजित की गई। बैठक में 27 सितम्बर को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं की तैयारियों की समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर जनपद में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इनमें पोस्टर डिजाइनिंग, पर्यटन क्विज, धरोहर भवनों एवं पर्यटन स्थलों की पेंटिंग, पर्यटन प्रमोशन हेतु रील मेकिंग तथा टूरिस्ट डेस्टिनेशन पर वीडियो मेकिंग प्रतियोगिताएं प्रमुख हैं।
इन प्रतियोगिताओं में प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक के छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर सकेंगे। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा।
रील मेकिंग प्रतियोगिता में जनपद के इनफ्लूएंसर भी प्रतिभाग कर सकेंगे। इनफ्लूएंसर को प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने से पूर्व जिला सूचना अधिकारी द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के उपरांत ही उन्हें प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले इनफ्लूएंसर को भी सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि 27 सितम्बर को प्राथमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की प्रतियोगिताएं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में आयोजित होंगी। वहीं माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा के छात्र-छात्राओं के लिए प्रतियोगिताएं एवं कार्यक्रम कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों की तैयारियां समय से पूर्ण करते हुए विद्यार्थियों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अनार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक सीपी सिंह, खण्ड शिक्षा अधिकारी मुंशी लाल पटेल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जारी जिला सूचना कार्यालय, सम्भल।
