प्रकाश शिक्षा सदन घोघिया में गूंजा भारत स्काउट और गाइड का बिगुल
प्रथम सोपान प्रशिक्षण शिविर में बच्चों को मिलेगा अनुशासन, सेवा, नेतृत्व एवं आत्मनिर्भरता का प्रशिक्षण
मशरक: जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा) के पत्र के आलोक में प्रकाश शिक्षा सदन,घोघिया मशरक में प्रथम सोपान स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना एवं राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करना है।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को स्काउट-गाइड प्रार्थना, प्रतिज्ञा एवं नियम, ध्वज शिष्टाचार, मार्चिंग, गांठ एवं बंधन, प्राथमिक चिकित्सा, दिशा ज्ञान, टेंट निर्माण, शिविर कला, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन तथा सुरक्षा के प्राथमिक उपायों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही टीम भावना, नेतृत्व, आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण, सड़क सुरक्षा एवं सामुदायिक सेवा जैसी महत्वपूर्ण गतिविधियों से भी बच्चों को जोड़ा जाएगा।
विद्यालय के निदेशक संतोष कुमार ओझा एवं प्राचार्य पवन तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में नोडल स्काउट शिक्षक इंद्रजीत कुमार एवं नोडल गाइड कैप्टेन चांदनी कुमारी प्रशिक्षण का संचालन कर रहे हैं। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि स्काउट-गाइड प्रशिक्षण विद्यार्थियों को केवल कौशल नहीं सिखाता, बल्कि उन्हें जिम्मेदार, अनुशासित, साहसी और समाज के प्रति संवेदनशील नागरिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
