हम भारती न्यूज़
मंडल व्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह
संभल से खास खबर
सीएम युवा' योजना से संवरी मुशाहिद की किस्मत: 2 लाख के कर्ज से खड़ा किया 'बिग बॉस' पार्लर, 9 लाख पहुंचा टर्नओवर
–महीने में ₹70,000 की कमाई, रोजाना सज-संवर रहे 30 से 35 ग्राहक
–खुद बने आत्मनिर्भर, चार अन्य बेरोजगार युवाओं को दिया रोजगार का सहारा
सम्भल। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना 'मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान' (सीएम युवा) धरातल पर युवाओं के सपनों को नई उड़ान दे रही है। जनपद संभल के बहजोई स्थित ईदगाह कॉलोनी निवासी मुशाहिद की कहानी इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है। योजना के तहत मिले महज 2 लाख रुपये के ऋण और जिला उद्योग केंद्र के मार्गदर्शन से मुशाहिद ने न केवल अपने 'बिग बॉस मेन्स पार्लर' को आधुनिक रूप देकर नई पहचान दिलाई, बल्कि आज वह सालाना 8 से 9 लाख रुपये का टर्नओवर हासिल कर रहे हैं। इस कारोबार से वे खुद हर महीने 70 हजार रुपये कमा रहे हैं और चार अन्य युवाओं को रोजगार देकर उनकी आजीविका का जरिया भी बने हैं।
दो लाख के कर्ज से बदली जिंदगी की तस्वीर
ईदगाह कॉलोनी, बहजोई निवासी मुशाहिद (पुत्र श्री अच्छन) बताते हैं कि वे सैलून/पार्लर के काम में आगे बढ़ना चाहते थे, लेकिन आर्थिक तंगी और पूंजी की कमी हमेशा राह में रोड़ा बन जाती थी। इसी बीच उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार की 'मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान' के बारे में जानकारी मिली। उन्होंने तत्काल आवेदन किया और योजना के अंतर्गत उन्हें 2 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हो गया। इस धनराशि से उन्होंने 'बिग बॉस मेन्स पार्लर' में आधुनिक उपकरण, कुर्सियां व साज-सज्जा के सामान जोड़कर इसे एक पेशेवर रूप दिया, जिससे कारोबार को नई रफ्तार मिली।
30 से 35 ग्राहक रोजाना, 9 लाख तक पहुंचा सालाना टर्नओवर
मुशाहिद की जुबानी, जब पार्लर की सुविधाएं बेहतर हुईं तो ग्राहकों का भरोसा भी तेजी से बढ़ा। आज उनके पार्लर में रोजाना औसतन 30 से 35 ग्राहक विभिन्न सेवाओं के लिए आते हैं। नियमित ग्राहकों की बढ़ती संख्या के चलते अब वे हर महीने लगभग 70,000 रुपये की शुद्ध आय अर्जित कर रहे हैं। वहीं, उनकी इस उद्यम इकाई का वार्षिक टर्नओवर 8 लाख से 9 लाख रुपये तक पहुंच चुका है। कभी काम की तलाश में जूझने वाले मुशाहिद के लिए यह बदलाव किसी सपने के सच होने जैसा है।
जॉब सीकर से बने जॉब क्रिएटर, 4 युवाओं को दिया रोजगार
मुशाहिद केवल खुद की आमदनी बढ़ाने तक सीमित नहीं रहे, बल्कि उन्होंने दूसरों का सहारा बनने का संकल्प भी पूरा किया। बढ़ते काम और ग्राहकों की जरूरतों को पूरा करने के लिए उन्होंने अपने पार्लर में 4 स्थानीय युवकों को जोड़कर रोजगार दिया है। इससे न केवल चार परिवारों की जीविका चल रही है, बल्कि युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही हुनर तराशने और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी मिल रही है।
'युवा आगे आएं और सरकारी योजनाओं से बनें आत्मनिर्भर'
अपनी सफलता का श्रेय प्रदेश सरकार की नीतियों को देते हुए मुशाहिद कहते हैं कि वे माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के आभारी हैं, जिन्होंने युवाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए यह ऐतिहासिक योजना शुरू की। उन्होंने जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, सम्भल तथा संबंधित बैंक के अधिकारियों का भी आभार जताया, जिनके समयबद्ध मार्गदर्शन व सहयोग से यह उद्यम स्थापित हो सका। मुशाहिद का कहना है कि यह प्रदेश सरकार की बेहद कल्याणकारी योजना है और प्रदेश के प्रत्येक हुनरमंद युवा को इसका लाभ उठाकर आत्मनिर्भर भारत और सशक्त उत्तर प्रदेश के निर्माण में सहभागी बनना चाहिए।
वर्जन
मुशाहिद जैसे युवाओं की सफलता साबित करती है कि यह योजना धरातल पर असर दिखा रही है। जिले के प्रत्येक हुनरमंद युवा को वित्तीय मदद व तकनीकी मार्गदर्शन देकर आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
— डॉ. अंकित खंडेलवाल, जिलाधिकारी, सम्भल

