हम भारती न्यूज़
मंडल व्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह
संभल से खास खबर
आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने साफ-सफाई, सुरक्षा, अग्निशमन, स्वास्थ्य सेवाओं और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश
सम्भल (बहजोई), 15 अक्टूबर 2026
आगामी रामनवमी, रामलीला, दुर्गा पूजा, दशहरा एवं महर्षि वाल्मीकि जयंती को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं परंपरागत ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से आज कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल एवं पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्यप्रिय सिंह ने थाना क्षेत्रवार शांति समिति के सदस्यों, थानाध्यक्षों, क्षेत्राधिकारियों एवं उपजिलाधिकारियों से त्योहारों के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों, संभावित समस्याओं तथा आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। सदस्यों ने रामलीला मंचन, राम बारात, मेला स्थलों की साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य शिविर, अग्निशमन तथा रावण दहन के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सहित विभिन्न सुझाव दिए।
अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यक्रम स्थलों एवं पंडालों का निरीक्षण कर प्रवेश और निकास मार्गों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अग्निशमन उपकरणों, बालू से भरी बाल्टियों तथा आवश्यक सुरक्षा संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए। आयोजकों से वालंटियर्स की सूची उपलब्ध कराने को कहा गया। नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यक्रम स्थलों की साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, विद्युत तारों की जांच तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
रावण दहन स्थलों पर फायर ब्रिगेड, अग्निशमन उपकरण एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था रखने तथा सीएचसी और पीएचसी पर चिकित्सकों की उपलब्धता एवं बर्न वार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को मेला स्थलों के आसपास छुट्टा पशुओं की रोकथाम, खाद्य सुरक्षा विभाग को खाद्य पदार्थों की जांच तथा संबंधित अधिकारियों को विद्युत चालित झूलों की एनओसी एवं सुरक्षा मानकों की जांच करने के निर्देश दिए गए। मूर्ति विसर्जन स्थलों पर बैरिकेडिंग, गोताखोरों तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी ने कहा कि त्योहार समाज को जोड़ने और आपसी सौहार्द बढ़ाने का माध्यम हैं। सभी त्योहार संवेदनशील होते हैं, इसलिए पुलिस प्रशासन एवं आयोजक पूरी सतर्कता बरतें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न होने दें। उन्होंने आयोजकों से कार्यक्रम स्थलों तथा आवागमन मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और वालंटियर्स की व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने अग्नि सुरक्षा के लिए फायर उपकरण एवं बालू से भरी बाल्टियां रखने तथा सभी उपजिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थलों का भ्रमण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रामलीला एवं अन्य कार्यक्रमों के आयोजकों से निरंतर संवाद बनाए रखा जाए, ताकि सभी आयोजन सकुशल सम्पन्न हो सकें।
जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल ने कहा कि त्योहारों के दौरान साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति और सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए। हाईटेंशन लाइनों की समय रहते जांच कराई जाए तथा अनावश्यक विद्युत कटौती न होने दी जाए। घनी आबादी वाले क्षेत्रों में आतिशबाजी के अवैध भंडारण पर रोक लगाने के साथ ही चिन्हित आतिशबाजी स्थलों का निरीक्षण किया जाए। सार्वजनिक स्थलों पर जुआ एवं शराब जैसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने जुलूसों, शोभायात्राओं, रामलीला एवं रावण दहन स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा आवश्यकतानुसार बालू, पानी और अन्य सुरक्षा संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में किसी भी स्तर पर विवाद की स्थिति उत्पन्न न होने पाए। शांति समिति के सदस्यों एवं आयोजकों द्वारा उठाई गई समस्याओं का समय रहते निस्तारण किया जाएगा। सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं परंपरागत रूप से सम्पन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्यप्रिय सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक सौरभ कुमार पाण्डेय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तरुण पाठक, अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार रावत, सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार सहित समस्त उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका एवं नगर पंचायत तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शांति समिति के सदस्य कमल कांत तिवारी,मोनू यादव, भुवनेश,नाजिम सैफी, ऐहतेशाम अहमद फारुख मुस्तकीम आदि उपस्थित रहे।
जारी जिला सूचना कार्यालय, सम्भल।

