हम भारती न्यूज़
मंडल व्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह
संभल से खास खबर
खाद वितरण व्यवस्था की समीक्षा, सहकारी समितियों पर समय से खाद उपलब्ध कराने के मुख्य विकास अधिकारी ने दिए निर्देश
खाद की नियमित आपूर्ति, समयबद्ध वितरण और निर्धारित दरों पर बिक्री सुनिश्चित करने पर जोर
सम्भल (बहजोई), 15 अक्टूबर 2026
जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देशन में आज कलक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट की अध्यक्षता में जनपद में खाद वितरण एवं आवंटन व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एआर कोऑपरेटिव, सहकारिता विभाग के एडीओ एवं सचिवों, कृषि विभाग तथा पीसीएफ के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
मुख्य विकास अधिकारी ने पीसीएफ के अधिकारियों से सहकारी समितियों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप खाद की उपलब्धता एवं आपूर्ति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद की सहकारी समितियों पर मानकानुसार खाद से लदे ट्रकों की समय से आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को खाद प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने खाद के आवंटन एवं पुनः आवंटन की स्थिति की भी समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी सहकारी समितियां प्रतिदिन निर्धारित समय पर खुलें और किसानों को समय से खाद का वितरण किया जाए। खाद बिक्री से प्राप्त धनराशि समय से बैंकों में जमा कराई जाए, ताकि समितियों पर खाद की उपलब्धता निरंतर बनी रहे। उन्होंने प्रत्येक समिति पर बैनर लगाकर यह जानकारी प्रदर्शित करने के निर्देश दिए कि किस दिन कौन-सा सचिव उपस्थित रहेगा, जिससे किसानों को आवश्यक जानकारी आसानी से मिल सके।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि खाद का आवंटन निर्धारित नियमों के अनुरूप ही किया जाए। खाद के साथ किसी अन्य सामग्री की अनिवार्य टैगिंग तथा निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर बिक्री (ओवररेटिंग) की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। ऐसी अनियमितताओं पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में खाद वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए गांवों की मैपिंग के संबंध में भी चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में एआर कोऑपरेटिव ज्ञान प्रकाश सिंह, उप कृषि निदेशक अरुण कुमार त्रिपाठी, जिला कृषि अधिकारी प्रबोध मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जारी जिला सूचना कार्यालय, सम्भल।

.jpeg)