हम भारती न्यूज़
मंडल व्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह
संभल से खास खबर
एनएचएम की जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं प्रगति पर हुई विस्तृत चर्चा
जेएसवाई भुगतान में लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई, जिला मलेरिया अधिकारी का वेतन रोकने एवं कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश
सम्भल (बहजोई), 30 अक्टूबर, 2026
आज कलेक्ट्रेट सभागार बहजोई, में जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देशन एवं मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट की अध्यक्षता में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत जिला स्वास्थ्य समिति (शासी निकाय) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई) के अंतर्गत लाभार्थियों को किए जा रहे भुगतान की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी पात्र लाभार्थियों का भुगतान समय से सुनिश्चित किया जाए। भुगतान में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी), चन्दौसी में भर्ती गंभीर कुपोषित (एसएएम) एवं मध्यम कुपोषित (एमएएम) बच्चों की विकासखंडवार प्रगति की समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने बच्चों के समुचित उपचार, पोषण एवं पुनर्वास की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (एसएनसीयू), न्यूबॉर्न स्टेबिलाइजेशन यूनिट (एनबीएसयू), जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण, एचपीवी टीकाकरण के निर्धारित लक्ष्य एवं उपलब्धियों, लंबित टीकाकरण सत्रों की पूर्ति तथा जिन स्थानों पर टीकाकरण सत्र आयोजित नहीं हुए हैं, वहां प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने की समीक्षा की गई।
इसके अतिरिक्त यू-विन (U-WIN) पोर्टल पर डाटा फीडिंग, राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस), आभा आईडी (ABHA ID) तथा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने एवं निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यों एवं भुगतान संबंधी मामलों में सामने आ रही लापरवाही पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला मलेरिया अधिकारी का वेतन रोकने तथा कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासकीय कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में संचारी रोग नियंत्रण अभियान की भी विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में समरसेबल पंपों को अनावश्यक रूप से चलाकर छोड़ देने से कई स्थानों पर पानी जमा हो जाता है, जिससे संक्रमण एवं संचारी रोगों के फैलने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे स्थानों को चिह्नित कर जलभराव की समस्या का तत्काल निस्तारण कराया जाए।
उन्होंने संचारी रोग नियंत्रण अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर देते हुए पशुपालन, कृषि, उद्यान, सिंचाई एवं स्वच्छ भारत मिशन सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तरुण पाठक, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेंद्र सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी आईसीडीएस महेश कुमार सहित जनपद के समस्त संबंधित चिकित्सा अधीक्षक, एमओआईसी एवं अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जारी जिला सूचना कार्यालय, सम्भल।

