यूपी को शिखर पहुंचाने के लिए योगी सरकार जरूरी - अमित शाह - जनविश्वास यात्रा के खलीलाबाद में पहुंचने पर आयोजित जनसभा में गृह मंत्री ने किया चुनावी शंखनाद - सपा सहित सभी विपक्षी दलों पर पर पूरी तरह आक्रामक दिखे गृह मंत्री
संतकबीरनगर।
भारतीय जनता पार्टी की जन विश्वास यात्रा के खलीलाबाद में पहुंचने पर शुक्रवार को इंडस्ट्रियल एरिया मैदान पर जनसभा का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि देश के गृहमंत्री ने यूपी को बुलंदी के शिखर पर पहुंचने के लिए एक बार फिर प्रदेश में योगी सरकार की वकालत किया। प्रदेश के पिछड़ेपन के लिए सपा सहित विपक्षी दलों को जिम्मेदार ठहराते हुए विरोधियों पर जम कर बरसे।जनसभा को संबोधित करते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार के समय परिवारवाद का बोलबाला और माफियाओं का दबदबा था। कमजोर लोगों का उत्पीड़न हो रहा था। उन्होंने कहा कि लूट खसोट करके अर्जित की गई काली कमाई जब पकड़ी जा रही है तो सपाइयों को बेचैनी हो रही है। श्री शाह ने दावा किया कि सपा के शासन में समूचा प्रदेश अराजकता, भ्रष्टाचार, भाई भतीजावाद, लूट और दंगों की आगोश में था, लेकिन योगी आदित्यनाथ की सरकार आते ही प्रदेश की जनता ने सूकून की सांस लेना शुरू कर दिया। डबल इंजन की सरकार में उत्तर प्रदेश का तेजी से विकास हुआ। अयोध्या और काशी को उसका पुराना गौरव हासिल हो गया। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में कहीं दंगे नहीं होते। माताएं बहनें घर के बाहर भी खुद को पूरी तरह से सुरक्षित महसूस करती हैं। यह सब प्रदेश की आवाम के आशीर्वाद और समर्थन से सम्भव हो सका है। उन्होंने कहा कि आप का उत्साह बता रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा 300 से ज्यादा सीटें जीतने जा रही है। योगी आदित्यनाथ जी की सरकार दुबारा सत्ता में आई तो उत्तर प्रदेश देश का सबसे विकसित प्रदेश जरुर बनेगा। श्री शाह ने कहा कि अखिलेश यादव के दोस्तों के घरों की दीवारों से भी कालाधन निकल रहा है। यह सैकड़ों करोड़ रुपए आम जनता के हैं। जबसे रुपए निकलने शुरू हुए तब से बबुआ की बोली बन्द हो गई है। अपने सम्बोधन में गोरखपुर के भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा कि देश और प्रदेश में जब से सनातन प्रेमियों की सरकार बनी है तभी से देश विरोधियों में जबरदस्त खलबली मची हुई है। पीएम मोदी के नेतृत्व में सरकार आज जहां अयोध्या और काशी का विकास कर रही है तो आम जनता के लिए प्रधानमंत्री आवास, शौचालय, अस्पताल, स्कूल, कालेज, रसोई गैस, बिजली कनेक्शन, सड़कों का निर्माण, औद्योगिक इकाइयों की स्थापना, गरीबों को महीने में दो बार नि:शुल्क खाद्यान्न की भी व्यवस्था कर रही है। सभा को राज्यसभा सांसद शिव प्रताप शुक्ल, केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार श्रीराम चौहान, सांसद बस्ती हरीश द्विवेदी, क्षेत्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, अष्टभुजा शुक्ल, इंद्रजीत मिश्र, संजीव राय आदि नेताओं ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिलाध्यक्ष जगदम्बा प्रसाद श्रीवास्तव ने किया। हम भारती न्यूज से गोरखपुर जिला चीफ ब्यूरो धर्मेन्द्र कुमार श्रीवास्तव