बकरा-ईद पर कुर्बान होगा 5 लाख का सलमान:3 लाख के यो- यो हनी सिंह की भी डिमांड, अजमेर के बकरों की मिल रही मुंह मांगी कीमत
हम भारती न्यूज से गोरखपुर जिला ब्यूरो प्रमुख धर्मेन्द्र कुमार श्रीवास्तव
गोरखपुर में ईद- उल- अजहा (बकरा-ईद) की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। रविवार को सुबह से कुर्बानी शुरू हो जाएगी। ऐसे में शहर भर में कुर्बानी के बकरों का बाजार सजा हुआ है। यूं तो मार्केट में 5 हजार रुपए से लेकर एक लाख रुपए तक के बकरे बिक रहे हैं। लेकिन इस बार बकरा-ईद पर 5 लाख रुपए का बकरा सलमान और 3 लाख के यो- यो हनी सिंह की भी कुर्बानी होगी।
इस बकरे का नाम सलमान है और इसकी कीमत 5 लाख रुपए है।
राजस्थान के अजमेर से आते हैं बकरे
इस बार गोरखपुर के बाजारों में राजस्थान के हिजरी नस्ल के बकरों की जबरदस्त डिमांड देखने को मिल रही है। ढाई से तीन साल के इन बकरों की वजह एक क्विंटल से अधिक है। इनकी खूबसूरती की वजह से लोग इनकी मुंह मांगी कीमत देने को तैयार हैं।
गोरखनाथ के रसूलपुर में इस नस्ल के बकरों को देखने वालों की भीड़ जमा हो रही है। 5 लाख का बकरा सलमान के लिए लोग 3 से 4 लाख रुपए देने को भी तैयार हैं। लेकिन उसके मालिक गुड्डू का कहना है कि वे उसे 5 लाख से कम में नहीं बेचेंगे।
इस बकरे का नाम यो- यो हनी सिंह और इसकी कीमत 3 लाख रुपए है।
ड्राइफ्रूट के साथ 3 किलो चना और मक्का है डाइट
गुड्डू बताते हैं कि इस तरह के उनके पास 4 बकरें हैं। जो शहर के कुछ चुनिंदा या शौकिन लोग खरीदते हैं। वे बताते हैं कि छोटे पर ही इन बकरों को अजमेर से लाकर पाला जाता है। खाने में इन्हें काजू और बादाम जैसे ड्राईफ्रूट दिए जाते हैं। इसके अलावा रोजाना चना, मक्का और पत्ता सब मिलाकर करीब 3 किलो इन बकरों की डाइट होती है।
बेहतर डाइट और देखरेख की वजह से ही यह काफी कम समय में बड़े और दंतरुस्त हो जाते हैं। इनकी खूबसूरती की वजह से यह देखने में हिरण जैसे लगते हैं। आम तौर पर बकरा-ईद पर खूबसूरत और बड़े बकरों की कुर्बानी का प्रचलन है। ऐसे में इन बकरों की डिमांड काफी बढ़ जाती है और लोग इसकी मुंह मांगी कीमत देने को तैयार हैं।
शहर भर में खूबसूरत और बड़े बकरों की जबरदस्त डिमांड देखने को मिल रही है।
शहर भर में सजा बकरों का बाजार
इसके अलावा शहर के हर गली, मोहल्ले व बाज़ार में कुर्बानी के बकरे बिक रहे हैं। जामा मस्जिद उर्दू बाजार के निकट, इलाहीबाग, रेती, खूनीपुर, मछली दफ्तर के निकट बकरों का बाजार हर रोज सज रहा है। बाजार में करीब 8 हजार रुपये से लेकर 30, 50, 60 व 90 हजार रुपये तक में बकरे बिक रहे हैं। महंगाई का असर बकरा बाजार पर साफ नजर आ रहा है।
85 हजार रुपये के सुल्तान, अर्तुगुल व टीपू नाम के तीन बकरे आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
85 हजार का सुल्तान, 60 हजार का अर्तुगुल
मोहल्ला घोसीपुर में करीब 85 हजार रुपये के सुल्तान, अर्तुगुल व टीपू नाम के तीन बकरे आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। तीनों देसी नस्ल के हैं। एक बकरा सफेद, एक चितकबरा व एक लाल रंग का है। तीनों कद काठी, वजन व खूबसूरती के लिहाज से जरा हटके हैं।
तीनों बकरों की खूब आवभगत हो रही है। तीनों बकरे आम, नमकीन व बिस्कुट के बहुत शौकीन हैं। गुठलियों सहित चूस-चूस कर आम का पूरा लुत्फ उठा रहे हैं।
प्रत्येक बकरे का वजन 60 से 70 किलो के बीच है।
60 से 70 किलो वजन
घोसीपुर मोहल्ले के सैयद मो. काशिफ, सैयद मो. ओसामा, सैयद मो. शारिक, सैयद मो. अल्तमश चंटू के घर तीनों बकरों की चहल कदमी जारी है। यहीं के एक व्यापारी से इन बकरों को खरीदा गया है। सुल्तान और अर्तुगुल करीब 60 हजार रुपये का तो वहीं टीपू करीब 25000 रुपये का है।
प्रत्येक बकरे का वजन 60 से 70 किलो के बीच है। तीनों बकरों के खानपान का खास ख्याल रखा जा रहा है। बकरों के खानपान पर ठीक-ठाक खर्चा किया जा रहा है। आकर्षक कद काठी, वजन व रंग की वजह से तीनों बकरे देखने में भी बहुत आकर्षित लग रहे हैं।
