आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष आनंद जायसवाल के घर पहुंची पुलिस, किया घर पर नजरबंद।
हम भारती न्यूज संजीव कुमार सीतापुर।
सीतापुर : उत्तर प्रदेश के सीतापुर की सदर विधानसभा सीट से पूर्व प्रत्याशी व आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष आनंद जायसवाल को हाऊस अरेस्ट कर लिया गया है। दिनांक 27 सितंबर 2022 दिन मंगलवार को रामपुर मथुरा ब्लॉक में ग्राम पंचायत अधिकारी द्वारा 13 ग्राम पंचायतो में एक करोड़ सत्ताईस लाख का घोटाला किया गया था। जिसके विरोध मे आम आदमी पार्टी द्वारा जिला मुख्यालय सीतापुर से राजभवन लखनऊ तक पदयात्रा निकाल कर राज्यपाल महोदया को एक ज्ञापन सौंपा जाना था। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हाऊस अरेस्ट कर लिया है।
मामले की जानकारी करने पर आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष व जिला प्रभारी आनंद जायसवाल ने बताया कि सीतापुर के रामपुर मथुरा ब्लॉक में ग्राम पंचायत अधिकारी शशिकांत तिवारी द्वारा अपने मुंशी श्रीपाल व उसके पुत्र समेत तीन लोगों के नाम पर 13 ग्राम पंचायतो में एक करोड़ अट्ठारह लाख का घोटाला किया गया था। जिसके विरोध में पार्टी द्वारा दो बार ज्ञापन लगभग 200 पन्नों के सबूत के साथ दिया गया साथ ही एक बार जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन भी किया। एक माह होने को है जिला प्रशासन द्वारा ना तो कोई कार्रवाई की गई और ना ही कोई जानकारी दी गई। जिला प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण भ्रस्टाचारी के हौसले इतने बुलंद हो गए कि उसने पुनः 10 लाख का और घोटाला कर लिया। जो घोटाला पहले एक करोड़ अट्ठारह लाख इक्यावन हजार छह सौ चौरानवे रुपए (1,18,51,694) था वह अब बढ़कर एक करोड़ सत्ताईस लाख (1,27,00,000) पहुंच गया है। जो अब ना जाने कहाँ तक पहुंचे।
जिलाध्यक्ष ने जिला प्रशासन व जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि जनपद में दो राज्यमंत्री व कई सांसद विधायक होने के बावजूद जिले में भ्रस्टाचार बहुत तेजी से पनप रहा है। यदि इस भ्रस्टाचार पर जल्द ही अंकुश नहीं लगा तो भ्रस्टाचार का राक्षस सब कुछ डकार जाएगा। सीतापुर की जनता का शोषण ऐसे ही होता रहेगा। लगातार सरकारी खजाने मे सेंधमारी ऐसे ही होती रहेगी। रामराज्य की बात करने वाली ये कैसी सरकार है? क्या ऐसे देश तरक्की करेगा?
जिलाध्यक्ष ने यह भी बताया यदि जिला प्रशासन व राज्य सरकार ने जल्द ही इस मामले पर ध्यान नहीं दिया तो भ्रस्टाचार के राक्षस की भूख लगातार बढ़ रही है। भगवान ही जाने आगे और कितना अधिक बन्दर बांट हो जाये।
आनंद जायसवाल ने बताया कि जब बार बार सूचना शिकायत करने के बाद भी जिला प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई तो मजबूरन पार्टी द्वारा निर्णय लिया गया कि अब दिनांक 27 सितंबर 2022 को सैकड़ों कार्यकर्ताओं द्वारा सीतापुर से राजभवन तक पदयात्रा निकाल कर माननीया राज्यपाल महोदया को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया था। जिसके बाद सीतापुर प्रशासन ने कार्यक्रम से एक दिन पूर्व ही उन्हें हाउस अरेस्ट कर लिया है। साथ ही पुलिस ने उन्हें निकलने से धमकाते हुए कहा कि यदि आंदोलन करने के लिए निकलोगे तो अंदर कर दिया जायेगा और मुकदमा भी होगा।