संदिग्ध हालात में नवविवाहिता का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला, पुलिस जांच में जुटी
फिरोजाबाद। थाना फरिहा क्षेत्र के गांव अकबरपुर गीतम सिंह में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतका की पहचान खुशी के रूप में हुई है, जिसकी शादी मात्र छह महीने पहले हुई थी।
ग्रामीणों के मुताबिक, खुशी शुक्रवार की शाम अपने मायके से ससुराल लौटी थी। सुबह जब उसका कमरा खोला गया तो अंदर उसका शव पंखे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई।
खुशी के पति विमल कुमार उर्फ छेकुटा मजदूरी करता है और अधिकतर समय बाहर रहता है। विमल बचपन से ही अनाथ है, क्योंकि उसके माता-पिता का निधन पहले ही हो चुका था। वह अपने परिवार का इकलौता पुत्र है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तलाशी के दौरान महिला के कमरे से कई टूटे हुए मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। इससे शक की स्थिति और गहरा गई है।
गांव में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर खुशी ने यह कदम क्यों उठाया। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।