हम भारती न्यूज़
मंडल ब्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह
संभल से खास खबर
सम्भल (बहजोई), 01 फरवरी 2026_
आज विकासखंड गुन्नौर में तीन माह के राष्ट्रव्यापी अभियान जोकि 28 जनवरी 2026 से 14 अप्रैल 2026 तक चलने वाले संपूर्णता अभियान 2.0 को लेकर शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री मा. राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा उ. प्र. श्री धर्मवीर प्रजापति जी रहे एवं विशिष्ट अतिथि मा. जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव जी एवं पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक गन्नौर श्री अजीत कुमार उर्फ राजू यादव एवं भाजपा के जिलाध्यक्ष श्री हरेंद्र सिंह रिंकू जी रहे।
कार्यक्रम में सर्वप्रथम मुख्य अतिथि द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर तथा फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया एवं विद्यालय की छात्राओं द्वारा स्वागत गान गाया गया। मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा शासन की योजनाओं से संबंधित विभिन्न विभागों जैसे आईसीडीएस, बेसिक शिक्षा तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन तथा स्वास्थ्य विभाग के स्टालों का अवलोकन किया। कार्यक्रम के अन्तर्गत मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों एवं भाजपा के मंडल अध्यक्ष को पुष्प एवं पुस्तक तथा अंग वस्त्र से स्वागत किया।
कार्यक्रम के अन्तर्गत मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा आईसीडीएस विभाग के अन्तर्गत गोद भराई एवं अन्नप्राशन का कार्यक्रम किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट द्वारा संपूर्णता अभियान 2.0 के विषय में जानकारी दी गई। उन्होंने संपूर्ण अभियान 2.0 के उद्देश्यों के विषय में जानकारी दी, जिसमें नई लक्ष्य, निरंतरता, संस्थागतकरण, अभिसरण और जनभागीदारी के विषय में मा. प्रभारी मंत्री जी को अवगत कराया। नीति आयोग के आकांक्षात्मक ब्लॉकों ( गुन्नौर एवं असमोली) के 6 संकेतांक के विषय में भी जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम 28 जनवरी 2026 से 14 अप्रैल 2026 तक चलेगा तथा यह कार्यक्रम देश भर के 112 जिलों और 513 ब्लॉकों को कवर करता है।
कार्यक्रम के अंतर्गत उप कृषि निदेशक डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी द्वारा फसलों में लगने वाले रोग, खरपतवार, कीट आदि के विषय में उपस्थित लोगों को जानकारी दी और उन्होंने जैविक खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने खेती में गोबर की खाद के प्रयोग करने जैविक खेती को अपनाने को लेकर लोगों को जागरूक किया।जिला विकास अधिकारी द्वारा भी संपूर्णता अभियान 2.0 के विषय में जानकारी दी गई। उन्होंने इसके अंतर्गत 6 इंडिकेटर के विषय में बताया, जिसमें बच्चों को नियमित रूप से पूरा पोषण देना, बच्चों की माप दक्षता करना, आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालय होना, आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल की सुविधा होना, तथा स्कूलों में बालिका शौचालय होना शामिल हैं।
उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी द्वारा भी पशुओं के टीकाकरण को लेकर जानकारी दी और उन्होंने कहा कि ग्रामवासी टीकाकरण में सहयोग करें। जिलाधिकारी डॉ राजेन्द्र पैंसिया द्वारा अपने संबोधन में कहा कि पिछले वर्ष 6 संकेतांक में से 5 संकेतांकों में संतृप्त होने के कारण जनपद को रजत पदक प्राप्त हुआ था। इस बार भी यह एक अभियान के रूप में लिया जाएगा तथा पूरे संकेतांकों को संतृप्त करना हमारा प्राथमिकता में रहेगा।
पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक गुन्नौर श्री अजीत कुमार उर्फ राजू यादव द्वारा अपने संबोधन में कहा गया कि मा.प्रधानमंत्री जी द्वारा संकल्प लिया गया है कि 2047 तक संपूर्ण देश को विकसित करना है और उन्होंने कहा कि सब लोगों को एक साथ मिलकर देश के प्रति प्रेम एवं लगाव को रखते हुए साथ में कार्य करना है और देश को विकसित करना है।
प्रभारी मंत्री जी द्वारा अपने संबोधन में कहा गया कि हर ब्लॉक, परिवार, और जनपद को विकसित करना है। उन्होंने जल संरक्षण पर विशेष ध्यान देना और पॉलिथीन के प्रयोग को कम करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोगों को ज्यादा से ज्यादा कपड़े के थैले के प्रयोग को लेकर जागरूक किया जाए। मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट द्वारा धन्यवाद संबोधन में कहा गया कि 2047 तक विकसित भारत आप सभी लोगों के माध्यम से ही होगा। मंच का संचालन जिला विकास अधिकारी राम आशीष द्वारा किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया, मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तरुण पाठक, प्रभागीय वनाधिकारी प्रीति यादव, जिला विकास अधिकारी राम आशीष , मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. शैलेंद्र सिंह, ब्लॉक प्रमुख गुन्नौर हनी यादव, और अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
जारी जिला सूचना कार्यालय, सम्भल



