पत्रकार हितों को लेकर प्रेस क्लब सक्रिय: मुख्यमंत्री को सौंपा मांग पत्र
हम भारती न्यूज़ से उत्तर प्रदेश चीफ व्यूरो प्रमुख धर्मेन्द्र कुमार श्रीवास्तव की ख़ास रिपोर्ट
गोरखपुर गोरखपुर क्लब में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह के उपरांत गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्रकारों की सुविधाओं एवं हितों से संबंधित मांग पत्र सौंपा। इस दौरान प्रेस क्लब के अध्यक्ष, महामंत्री सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रेस क्लब की ओर से सौंपे गए मांग पत्र में पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। पदाधिकारियों ने बताया कि पत्रकार समाज और शासन के बीच सूचना सेतु का कार्य करते हैं, लेकिन अपने दायित्वों के निर्वहन में उन्हें कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उनकी सुरक्षा और सुविधाओं का सुनिश्चित होना बेहद आवश्यक है।
मांग पत्र में प्रमुख रूप से पत्रकारों के लिए न्यूनतम लागत पर आवासीय भूमि उपलब्ध कराने, सूचना संकुल भवन की छत पर गेस्ट हाउस निर्माण कराने, फील्ड में कार्यरत पत्रकारों को आयुष्मान स्वास्थ्य कार्ड की सुविधा देने तथा अन्य राज्यों की तर्ज पर पेंशन योजना लागू करने की मांग की गई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पत्रकारों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि सभी बिंदुओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देकर उचित कार्यवाही सुनिश्चित करने की बात कही।
अंत में प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि पत्रकारों के हित में जल्द ही सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे।
