जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की पहल, पाट् भटटी, चूड़ी श्रमिकों की दैनिक मजदूरी मेें रू0 50 की वृद्धि, बिचौलियों की भूमिका होगी समाप्त, अब सीधे मालिकों से संवाद करेंगे श्रमिक
........
फिरोजाबाद । जनपद की एतिहासिक चूडी कला को जीवंत रखने वाले पाट् भटटी कारखानों के श्रमिकों के कल्याण हेतु जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण और एतिहासिक निर्णय लेते हुए श्रमिकों की लम्बे समय से चली आ रही मांगों को स्वीकार कर उनकी दैनिक मजदूरी में 50 रू0 की बढ़ोत्तरी की है।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने स्पष्ट निर्देश जारी किए कि, किसी भी श्रमिक से 8 घण्टे से अधिक काम नही लिया जाएगा और सभी श्रमिकों को अनिवार्य रूप से साप्ताहिक अवकाश भी प्रदान किया जाएगा। कार्यस्थल पर पीने के पानी, प्राथमिक उपचार व स्वच्छता जैसी सभी बुनियादी सुविधाएं अनिवार्य कर दी गई हैं।
सभी पात्र श्रमिकों को पी.एफ. और ई.एस.आई. की सुविधाओं को देने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिए है, ताकि, उन्हें भविष्य में आर्थिक व चिकित्सीय सुरक्षा मिल सके और सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का भी लाभ दिलाया जा सके।
श्रमिकों की यह एक मुख्य समस्या बिचौलियों के हस्तक्षेप की थी, जिससे उनकी बात सीधे मालिकों तक नही पहुंच पाती थी। प्रशासन ने अब ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की है कि मालिक और मजदूर आमने सामने बैठकर संवाद करेंगे। इससे न केवल समस्याओं का त्वरित निस्तारण होगा, बल्कि आपसी विश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण भी विकसित होगा।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार सहायक श्रमायुक्त और सिटी मजिस्ट्रेट ने जनपद की विभिन्न पाट भट्टियों का सघन दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि सभी मजदूर सुचारू रूप से कार्य कर रहें हैं। अधिकारियों ने फैक्ट्री मालिकों को सख्त चेतावनी दी कि, किसी भी स्थिति में नियमों का उल्लंघन न हो। प्रशासन के इस संवेदनशील रवैए और मजदूरी में वृद्धि से मजदूर संगठनों और श्रमिकों में हर्ष की लहर है।
श्रमिकों ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि, जिलाधिकारी के हस्तक्षेप से उनकी वर्षाें पुरानी समस्याओं का समाधान हो रहा है। शासन के इस सहयोग के लिए श्रमिक समुदाय ने जिलाधिकारी के प्रति कोटी-कोटी आभार प्रकट किया है
