Type Here to Get Search Results !

https://www.facebook.com/humbharti.newslive

प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण के समापन में भारत की जनगणना–2027 के सफल क्रियान्वयन हेतु दिलायी गयी ‘सेवा भाव’ की शपथ

 हम भारती न्यूज़ मंडल व्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह संभल से खास खबर 


जनपद सम्भल

दिनांक: 30 अप्रैल, 2026


प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण के समापन में भारत की जनगणना–2027 के सफल क्रियान्वयन हेतु दिलायी गयी ‘सेवा भाव’ की शपथ




जनपद सम्भल में भारत की जनगणना–2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) हेतु प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण गुरूवार को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतिम दिवस कुल 1570 नामित कार्मिकों में से 1504 कार्मिकों ने सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की, जबकि 66 प्रशिक्षु अनुपस्थित रहे। प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहे 66 कार्मिकों के विरुद्ध सम्बन्धित विभागों को आवश्यक अनुशासनात्मक कार्यवाही हेतु अपर जिलाधिकारी द्वारा पत्र प्रेषित किया गया है।

प्रशिक्षण के अंतिम दिवस विभिन्न व्यावहारिक सत्रों का आयोजन किया गया, जिसमें फील्ड विजिट के दौरान प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों द्वारा क्षेत्र में जाकर वास्तविक मकानों की पहचान की गई तथा मकान सूचीकरण से संबंधित प्रश्नावली का ऑनलाइन माध्यम से अभ्यास कराया गया। इस दौरान प्रतिभागियों को डेटा संकलन की प्रक्रिया, मोबाइल एप के उपयोग, तथा सटीक एवं त्रुटिरहित प्रविष्टि के महत्व के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया।

तहसील सम्‍भल में निधि पटेल, उप जिलाधिकारी द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया गया तथा तहसील चन्‍दौसी में नीतू रानी, उप जिलाधिकारी द्वारा निरीक्षण में उपस्थित होकर आवश्‍यक जानकारी भी प्रदान की गयी । वहीं गुन्‍नौर में भी विकास चन्‍द्र, उप जिलाधिकारी एवं अनिल कुमार मौर्य, जिला प्रभारी, जनगणना द्वारा प्रशिक्षण केन्‍द्रों की व्‍यवस्‍था का जायजा लेते हुए समस्‍त कार्मिकों को भारत की जनगणना–2027 के सफल क्रियान्वयन हेतु ‘सेवा भाव’ की शपथ दिलाई गई, जिससे वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ कर सकें।

जिलाधिकारी सम्भल डॉ. राजेंद्र पेंसिया एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री प्रदीप वर्मा द्वारा प्रशिक्षण के सफल समापन पर सभी प्रतिभागियों को बधाई दी गई। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान का समुचित उपयोग करते हुए मकान सूचीकरण का कार्य पूरी ईमानदारी, सतर्कता एवं लगन के साथ सम्पन्न किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

साथ ही, यह भी निर्देशित किया गया कि राज्य क्षेत्र हेतु अधिसूचित दिनांक 07 मई, 2026 से 21 मई, 2026 तक निर्धारित 15 दिवस की अवधि के दौरान अधिक से अधिक नागरिकों को स्व-गणना (Self Enumeration) के लिए प्रोत्साहित किया जाए, जिससे जनगणना प्रक्रिया को अधिक सुगम, सटीक एवं प्रभावी बनाया जा सके तथा समय की बचत हो। 

विदित है कि जनपद सम्‍भल में कुल 116 बैचों में तीन दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है, जिसमें से दिनांक 20-23 अप्रैल, 2026 तक कुल 36 बैचों का प्रशिक्षण एवं 28-30 अप्रैल, 2026 तक कुल 34 बैचों का प्रशिक्षण पूर्ण हो गया है। आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रम 34 बैचों में दिनांक 04-06 मई, 2026 तक आयोजित किया जायेगा। अपर जिलाधिकारी (वि/रा), सम्‍भल द्वारा सभी कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करें, अन्‍यथा कि दशा में कठोर कार्यवाही की जायेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies