हम भारती न्यूज़
मंडल व्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह
संभल से खास खबर
जल जीवन मिशन के कार्यों में लापरवाही पर जिलाधिकारी ने फर्म को हटाने की संस्तुति की
सम्भल (बहजोई), 19 मई 2026
जिलाधिकारी/अध्यक्ष जिला पेयजल एवं स्वच्छता मिशन सम्भल अंकित खंडेलवाल द्वारा जनपद में जल जीवन मिशन फेस-3 के अंतर्गत कार्य कर रही फर्म मै. एन.के.जी.-प्राईमस (जेवी), नई दिल्ली की अत्यंत धीमी प्रगति एवं कार्यों में गंभीर लापरवाही को देखते हुए फर्म को टर्मिनेट कराए जाने तथा किसी अन्य सक्षम फर्म से कार्य कराए जाने हेतु अधिशासी निदेशक, राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन, लखनऊ को संस्तुति पत्र प्रेषित किया गया है।
जनपद सम्भल में उक्त फर्म द्वारा ग्रामीण पाइप पेयजल योजनाओं के अंतर्गत उच्च जलाशय, पम्प हाउस, पाइपलाइन बिछाने, नलकूप बोरिंग, गृह पेयजल संयोजन एवं जलकर परिसर सहित विभिन्न निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं।
अधिशासी अभियंता, उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण), सम्भल द्वारा फर्म को कई बार पत्रों के माध्यम से निर्देशित किया गया कि पाइपलाइन बिछाने हेतु तोड़ी गई सड़कों की मरम्मत एवं पुनर्स्थापना शीघ्र कराई जाए तथा कार्यों में तेजी लाई जाए, किन्तु फर्म द्वारा लगातार निर्देशों की अनदेखी की जा रही है।
फर्म द्वारा कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने हेतु पर्याप्त श्रमिक एवं मशीनरी भी नहीं लगाई गई है। साथ ही पम्प ऑपरेटरों का मानदेय भी समय से नहीं दिया जा रहा है, जिससे नियमित पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है। गृह जल संयोजन कार्यों में भी अपेक्षित प्रगति नहीं होने के कारण मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जनपद सम्भल की रैंकिंग प्रभावित हुई है, जिससे विभाग एवं प्रशासन की छवि धूमिल हो रही है।
इसके अतिरिक्त ग्रामीण पाइप पेयजल योजनाओं में लीकेज, सड़क मरम्मत एवं पेयजल आपूर्ति संबंधी शिकायतें प्रतिदिन प्राप्त हो रही हैं। जल निगम ग्रामीण एवं टीपीआई के सर्वेक्षण में अधिकांश योजनाओं पर कार्य बंद पाया गया। फर्म द्वारा परियोजना प्रबंधक, डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर एवं साइड इंजीनियर जैसे आवश्यक तकनीकी स्टाफ की भी समुचित तैनाती नहीं की गई है। उपलब्ध सीमित स्टाफ द्वारा भी वेतन न मिलने की बात कही गई है।
जिलाधिकारी ने उक्त समस्त परिस्थितियों को गंभीरता से लेते हुए जनहित एवं पेयजल योजनाओं के सुचारु संचालन के दृष्टिगत फर्म को हटाने की संस्तुति राज्य स्तर पर प्रेषित की है।
जारी जिला सूचना कार्यालय, सम्भल।

