करोड़ों रुपये खर्च कर बनाए गए स्मार्ट फुटपाथ आम जनता के किसी काम के नहीं, नगर निगम फिरोजाबाद की अनदेखी के चलते स्मार्ट फुटपाथों पर व्यापारियों ने किया कब्जा, फुटपाथ बने दुकान और सड़कें बनीं पार्किंग, पैदल राहगीरों के लिए चलना हुआ मुश्किल.......
फिरोजाबाद । नगर निगम प्रशासन की लापरवाही और अनदेखी के चलते शहर में अतिक्रमण की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। शहर को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकसित करने के उद्देश्य से बनाए गए फुटपाथ आज व्यापारियों और वाहन चालकों के कब्जे में दिखाई दे रहे हैं। फुटपाथों पर दुकानदारों द्वारा सामान सजाया जा रहा है, वहीं कई स्थानों पर इन्हें अवैध पार्किंग में तब्दील कर दिया गया है।
शहर के प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों पर स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि पैदल चलने वाले लोगों को फुटपाथ छोड़कर सड़क पर चलना पड़ रहा है। इससे आए दिन जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर निगम द्वारा करोड़ों रुपये खर्च कर बनाए गए स्मार्ट फुटपाथ अब आम जनता के किसी काम के नहीं रह गए हैं।
https://www.facebook.com/share/p/18GxRkRS6Z/
व्यापारियों ने फुटपाथों के अलावा सड़कों के किनारों तक अपना कब्जा जमा लिया है। कई स्थानों पर दुकानों के बाहर वाहन खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे सड़कें संकरी हो जाती हैं। राहगीरों, महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि, नगर निगम और प्रशासन को कई बार शिकायतें दी गईं, लेकिन अतिक्रमण हटाने के नाम पर केवल औपचारिक कार्रवाई की जाती है। कुछ दिनों तक स्थिति सामान्य रहती है, फिर दोबारा कब्जा शुरू हो जाता है। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा सकती है।
शहरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि, स्मार्ट फुटपाथों और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई हो तथा नियमित अभियान चलाकर आम लोगों को राहत दिलाई जाए, ताकि पैदल चलने वालों को सुरक्षित रास्ता मिल सके
