जिला स्तरीय एकता शिविर सफलतापूर्वक सम्पन्न, 20 प्रखंडों के 500 स्काउट-गाइड कैडेटों ने लिया प्रशिक्षण
छपरा, संवाददाता :
भारत स्काउट एवं गाइड, सारण के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय जिला स्तरीय एकता शिविर का सफलतापूर्वक समापन हो गया। शिविर में जिले के सभी 20 प्रखंडों से लगभग 400 स्काउट एवं गाइड कैडेटों ने भाग लेकर विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्राप्त किया। शिविर का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सेवा भावना, सामाजिक जागरूकता एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति उत्तरदायित्व विकसित करना था।
शिविर के दौरान प्रतिदिन चार सत्रों में विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रथम दिवस प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा जागरूकता एवं स्वास्थ्य जागरूकता विषय पर प्रशिक्षण दिया गया। द्वितीय दिवस यूथ फोरम, रंगोली प्रतियोगिता एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। तृतीय दिवस आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण एवं अग्निशमन प्रशिक्षण आयोजित किया गया, जिसमें आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के व्यावहारिक गुर सिखाए गए। चतुर्थ दिवस पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक मुक्त राष्ट्र अभियान, फिजिकल फिटनेस तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा कानूनी जागरूकता प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
शिविर की एक विशेष पहचान प्रतिदिन आयोजित होने वाला कैंप फायर रहा। प्रत्येक रात्रि प्रतिभागी स्काउट एवं गाइड कैडेटों द्वारा देशभक्ति, सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक विरासत पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसने सभी उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
शिविर के दौरान विभिन्न अवसरों पर बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री, महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, जिला एवं सत्र न्यायाधीश, अन्य चार सत्र न्यायाधीश, क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, अपर मुख्य राज्य आयुक्त दिलीप कुमार,जिला मुख्य आयुक्त(सिवान)अभिषेक कुमार सिंह,जिला सचिव छपरा डॉ० शहजाद आलम,जिला सचिव सिवान कमलेश्वर ओझा,जिला संगठन आयुक्त(वैशाली)ऋतुराज,जिला संगठन आयुक्त(रोहतास)अरविंद सिंह,जिला संगठन आयुक्त(पटना)श्रीमती कंचन चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अनेक जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित होकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर जिला मुख्य आयुक्त हरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि “स्काउटिंग-गाइडिंग केवल एक संगठन नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण की एक सशक्त प्रक्रिया है। एकता शिविर के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व, सेवा एवं राष्ट्रभक्ति की भावना का विकास हुआ है।”
जिला उपाध्यक्ष सह सीपीएस ग्रुप के चेयरमैन डॉ. हरेंद्र सिंह ने कहा कि “युवा शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। इस प्रकार के शिविर बच्चों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यवहारिक जीवन के लिए भी तैयार करते हैं। सीपीएस परिवार सदैव ऐसे रचनात्मक आयोजनों के लिए सहयोग करता रहेगा।”
जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) अमन राज ने कहा कि “जिले के सभी 20 प्रखंडों के स्काउट एवं गाइड कैडेटों की सक्रिय भागीदारी इस शिविर की सबसे बड़ी सफलता रही। शिविर में प्राप्त प्रशिक्षण बच्चों को एक जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करेगा। भविष्य में भी जिले में इस प्रकार के और व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।”
शिविर के सफल संचालन में शिविर प्रधान प्रमोद कुमार सिंह एवं मनोरमा कुमारी, शिविर सहायक श्री सुरेश कुमार, आलोक राज, सुनीता मिश्रा एवं प्रणव कुमार की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। वहीं प्रशिक्षक प्रणव कुमार, आशुतोष कुमार, सोनू कुमार, हार्दिक कुमार, मोहित कुमार, बिराज कुमार एवं खुशी कुमारी सहित जिले के सभी रोवर-रेंजर सदस्यों ने दिन-रात मेहनत कर प्रशिक्षण, अनुशासन, भोजन, आवास, सुरक्षा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के सफल संचालन में उल्लेखनीय योगदान दिया।
समापन अवसर पर प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्काउट एवं गाइड कैडेटों को सम्मानित किया गया। पूरे शिविर के दौरान अनुशासन, सेवा, एकता एवं भाईचारे का वातावरण देखने को मिला, जिसने इसे जिले के सबसे सफल स्काउट-गाइड आयोजनों में शामिल कर दिया।
भारत स्काउट एवं गाइड, सारण द्वारा आयोजित यह जिला स्तरीय एकता शिविर युवाओं के सर्वांगीण विकास, सामाजिक जागरूकता एवं राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी पहल सिद्ध हुआ।

