एससी-एसटी आयोग के सदस्य रमेश चंद्र कुण्डे का जीवाराम हॉल में हुआ जोरदार स्वागत, सफाई कर्मचारियों ने मानदेय वृद्धि के लिए सौंपा ज्ञापन और दम्मामल नगर में 'महर्षि वाल्मीकि द्वार' के निर्माण व 3 लाख नई भर्तियों की उठाई मांग....
फिरोजाबाद । उत्तर प्रदेश सरकार के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य रमेश चंद्र कुण्डे के सुहाग नगरी में प्रथम बार आगमन पर नगर निगम के जीवाराम हॉल में आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेशीय सफाई कर्मचारी संघ एवं स्थानीय निकाय सफाई कर्मचारी संघ (पंजीकृत ट्रेड यूनियन) के पदाधिकारियों ने निगम में तैनात आउटसोर्सिंग और ठेका सफाई कर्मचारियों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर एक मांग पत्र (ज्ञापन) सौंपा।
उत्तर प्रदेशीय ठेका सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष आचार्य कृष्ण मुरारी और प्रांतीय संयुक्त मंत्री अशोक मोती वाल्मीकि ने ज्ञापन सौंपते समय ठेका सफाई कर्मचारियों के शोषण का मुद्दा बेहद प्रखरता से उठाते हुए कहा कि, नगर निगम के विकास की रीढ़ कहे जाने वाले इन कर्मचारियों की उपेक्षा अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, यह भी अवगत कराया कि, वर्तमान में मिल रहा मात्र 10,000 रुपये का अपर्याप्त वेतन इस कमर तोड़ महंगाई के दौर में बेहद कम है। इसमें कर्मचारियों के परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी जरूरतें पूरी करना नामुमकिन हो गया है। संगठन ने मांग की कि ठेका सफाई कर्मचारियों के मानदेय को बढ़ाकर 20,000 रुपये किया जाए तथा माननीय मुख्यमंत्री महोदय की घोषणा के अनुरूप कम से कम 18,000 रुपये मासिक वेतन तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए।
प्रांतीय महामंत्री योगेश सरन ने स्वास्थ्य नियमावली का हवाला देते हुए मांग रखी कि, संपूर्ण उत्तर प्रदेश में प्राथमिकता के आधार पर वाल्मीकि समाज द्वारा 3 लाख सफाई कर्मचारियों की नई भर्ती निकाली जाए। साथ ही, विगत 20 वर्षों से पूरी निष्ठा के साथ मेहनत कर रहे समस्त संविदा कर्मियों को अविलंब स्थाई किया जाए और शहर की दम्मामल नगर वाल्मीकि बस्ती में सत्य, अहिंसा, दया और करुणा का संदेश देने वाले रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मीकि भगवान के नाम से एक भव्य "महर्षि वाल्मीकि द्वार" का निर्माण कराया जाए।
सफाई कर्मचारियों की सभी जायज मांगों को बेहद गंभीरता और ध्यान से सुनने के बाद आयोग के सदस्य रमेश चंद्र कुण्डे ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि, वे जल्द ही इस विषय पर माननीय मुख्यमंत्री जी एवं नगर विकास विभाग के उच्चाधिकारियों से वार्ता करेंगे और कर्मचारियों की समस्त समस्याओं का सकारात्मक निराकरण कराया जाएगा। नगर निगम की बैठक के उपरांत आयोग के सदस्य ने सीधे कौशल्या नगर वाल्मीकि मलिन बस्ती का रुख किया और वहां का औचक निरीक्षण कर साफ-सफाई व नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया।
उच्चस्तरीय बैठक के दौरान मुख्य रूप से नगर आयुक्त प्रशांत नागर, सहायक नगर आयुक्त / स्वास्थ्य प्रभारी आर. पी. सिंह, जेड.एस.ओ. (ZSO) दिनेश पाल सिंह, स्वच्छता निरीक्षक विपिन पांडे एवं पवन भारती सहित जिला अध्यक्ष जालिम सिंह वाल्मीकि, पार्षद कायम सिंह, पूर्व पार्षद राम बहादुर, लिपिक मुमताज, बबलू गौतम, मुन्ना लाल टार्जन, कल्लू भारती, विशाल राय वाल्मीकि, विनय चौहान, पवनदीप चौहान, अमित राय, रोबिन सिंह, अश्वनी चौहान, अमित नौबत, लक्ष्मण सिंह, अरविंद कुमार, सतीश कुमार, रामकुमार, सोनू चौहान, मनमोहन सिंह, शिवम वाल्मीकि और विजय प्रकाश सहित सैकड़ों की संख्या में सफाई कर्मचारी, स्थानीय नागरिक और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
