हम भारती न्यूज़
मंडल व्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह
संभल से खास खबर
कलक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ( 05 जून 2026 से 21 जून 2026 तक) समेकित जन कल्याण एवं जन जागरूकता के संबंध में बैठक का किया गया आयोजन
निजी चिकित्सकों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित कर स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण एवं शासन की योजनाओं से अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें उसके लिए जनजागरूकता पर हुआ मंथन
सम्भल (बहजोई), 09 जून 2026
केन्द्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 05 जून से 21 जून 2026 तक आयोजित समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत आज कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देशन तथा मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट की अध्यक्षता में विशेष जनसम्पर्क एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जनपद के निजी चिकित्सालयों के चिकित्सकों के साथ संवाद स्थापित कर स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने केन्द्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों एवं जनपद में संचालित विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। शासन की सभी योजनाओं से अपने अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने के लिए अनुरोध किया ताकि अधिक से अधिक लोग योजनाओं से लाभान्वित हो सकें। उन्होंने कहा कि जनपद में केन्द्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से स्वास्थ्य सेवाओं मे बहुत अधिक सुधार हुआ है। उन्होंने जनपद से होकर गुजर रहे गंगा एक्सप्रेसवे से सम्भल को मिलने वाले आर्थिक एवं सामाजिक लाभों पर भी प्रकाश डाला।
संवाद के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को त्वरित एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष चर्चा हुई। चिकित्सकों से अपेक्षा की गई कि वे ट्रॉमा केयर एवं आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सुझाव एवं सहयोग प्रदान करें। ट्रॉमा सेंटर की आवश्यकता एवं उसकी उपयोगिता पर भी विचार-विमर्श किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने निजी चिकित्सकों को जनपद में स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि बेहतर चिकित्सा अवसंरचना विकसित होने से आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने पर बल दिया तथा "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत प्रत्येक चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, उनके परिवारजनों एवं रोगियों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने की अपील की।
बैठक में आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के सफल आयोजन पर भी चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने योग एवं आयुर्वेद को जन-जन तक पहुँचाने के लिए सभी संबंधित पक्षों से सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।
स्टेट इम्यूनाइजेशन अधिकारी डॉ. अजय गुप्ता ने 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु लगाए जा रहे एचपीवी (HPV) वैक्सीन के महत्व एवं उसके लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों के सहयोग से इस संबंध में व्यापक जनजागरूकता उत्पन्न की जा सकती है। उन्होंने बताया कि जनपद की पीएचसी एवं सीएचसी पर एचपीवी वैक्सीन उपलब्ध है तथा पात्र बालिकाओं का टीकाकरण किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि 28 जून से पल्स पोलियो अभियान प्रारम्भ होने जा रहा है, जिसके अंतर्गत जन्म से पाँच वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। उन्होंने अभियान के सफल क्रियान्वयन में चिकित्सकों के सहयोग का आह्वान किया।
सड़क सुरक्षा के संबंध में डॉ. अजय गुप्ता ने कहा कि जनपद में चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स के आसपास एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने से दुर्घटना पीड़ितों को शीघ्र चिकित्सा सहायता प्रदान की जा सकेगी।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तरुण पाठक, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज बिश्नोई, अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी तथा जनपद के निजी चिकित्सालयों के चिकित्सक उपस्थित रहे।
जारी जिला सूचना कार्यालय, सम्भल।

.jpeg)