फिरोजाबाद की ऐतिहासिक धरोहरों को मिलेगी नई पहचान, चंद्रवार जैन मंदिर में बनेगी डिजिटल लाइब्रेरी
फिरोजाबाद। जनपद की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने की दिशा में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने महत्वपूर्ण पहल की है।
मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य के साथ चंद्रसेन के किले और चंद्रवार जैन मंदिर का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने इन धरोहरों के संरक्षण और विकास के लिए प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई।
जिलाधिकारी ने कहा कि चंद्रसेन का किला और चंद्रवार का जैन मंदिर जनपद की अमूल्य धरोहर हैं, जो भारत के गौरवशाली इतिहास की जीवंत पहचान हैं। इन ऐतिहासिक स्थलों का संरक्षण और संवर्धन अत्यंत आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपने इतिहास और संस्कृति से परिचित हो सकें।
उन्होंने बताया कि चंद्रवार जैन मंदिर में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की जाएगी, जिससे यहां के इतिहास, संस्कृति और विरासत से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी आधुनिक तकनीक के माध्यम से लोगों तक पहुंच सके। इसके साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जाएगा तथा धरोहरों के मूल स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए सौंदर्यीकरण के कार्य भी कराए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन इन ऐतिहासिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने और उन्हें पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों और आगंतुकों से भी अपील की कि वे इन धरोहरों की स्वच्छता और सुरक्षा बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर सत्येंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
