हम भारती न्यूज़
मंडल व्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह
संभल से खास खबर
जिलाधिकारी ने कृषि उत्पादन मण्डी समिति की समीक्षा बैठक में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के दिए निर्देश*
सम्भल (बहजोई), 27 जुलाई 2026
जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में कृषि उत्पादन मण्डी समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने मण्डी समितियों में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि मण्डी परिसर में पेयजल, मार्ग, साफ-सफाई तथा शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की समुचित एवं नियमित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मण्डी समिति से संबंधित सभी बिंदुओं का एक मानक प्रारूप (फॉर्मेट) तैयार किया जाए तथा विभिन्न अवस्थापनाओं से संबंधित सूचनाओं का सुव्यवस्थित संकलन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मण्डी परिसरों में निराश्रित गोवंश दिखाई न दें। ऐसे गोवंशों को तत्काल गौ आश्रय स्थलों में संरक्षित कराया जाए।
जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारियों, नगर पालिका एवं नगर पंचायत को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो और मण्डी परिसरों में आवागमन सुचारु बना रहे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सौरभ कुमार पाण्डेय, डिप्टी कलेक्टर नीरज द्विवेदी, समस्त मण्डी सचिव तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जारी जिला सूचना कार्यालय, सम्भल।
