छपरा सदर प्रखंड के दो उच्च विद्यालयों में भारत स्काउट और गाइड का प्रथम एवं द्वितीय सोपान प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ
उच्च माध्यमिक विद्यालय बसाढ़ी एवं राय साहब कलिका सिंह उच्च विद्यालय में आयोजित शिविर में 6 विद्यालयों के स्काउट-गाइड छात्र-छात्राएं ले रहे हैं प्रशिक्षण
छपरा :---जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देश के आलोक में भारत स्काउट एवं गाइड, सारण द्वारा छपरा सदर प्रखंड के दो उच्च विद्यालयों में प्रथम एवं द्वितीय सोपान प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, सेवा भावना, राष्ट्रप्रेम एवं चरित्र निर्माण के गुणों का विकास करना है।
उच्च माध्यमिक विद्यालय बसाढ़ी में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में उच्च माध्यमिक विद्यालय लोहड़ी, मध्य विद्यालय लोहड़ी एवं मध्य विद्यालय बसाढ़ी के स्काउट एवं गाइड प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। शिविर का विधिवत उद्घाटन विद्यालय की प्राचार्या चंचला तिवारी ने किया। उन्होंने कहा कि स्काउट एवं गाइड बच्चों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है, जो उन्हें जिम्मेदार, अनुशासित एवं समाज के प्रति संवेदनशील नागरिक बनने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर स्काउट मास्टर मृणाभ कुमार, गोविंद कुमार, प्रसून, गाइड कैप्टेन पूर्णिमा मौर्या, स्वाति कुमारी एवं कुमारी कुसुम उपस्थित रहीं।
वहीं, राय साहब कलिका सिंह उच्च विद्यालय, रायपुरा में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में राय साहब कलिका सिंह उच्च विद्यालय रायपुरा, उच्च माध्यमिक विद्यालय विष्णुपुरा एवं उच्च माध्यमिक विद्यालय उदयपुरा के स्काउट एवं गाइड भाग ले रहे हैं। शिविर का उद्घाटन विद्यालय के प्राचार्य अनित शुक्ल ने किया। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग केवल एक प्रशिक्षण नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक श्रेष्ठ कला है, जो विद्यार्थियों को विपरीत परिस्थितियों में भी आत्मविश्वास के साथ कार्य करने की क्षमता प्रदान करती है। उद्घाटन समारोह में विद्यालय के शिक्षक विनोद मांझी,शोभा कुमारी,संजय कुमार,संतोष सिंह,प्रशांत कुमार,जिला प्रशिक्षक प्रणव सिंह, स्काउट मास्टर आशुतोष कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण शिविर के दौरान प्रतिभागियों को स्काउट-गाइड की प्रतिज्ञा एवं नियम, ध्वज शिष्टाचार, गांठें एवं बंधन,प्राथमिक उपचार, आपदा प्रबंधन, अग्नि सुरक्षा, टेंट निर्माण, मानचित्र अध्ययन, टोली पद्धति, खेल एवं शारीरिक गतिविधियां, योग, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामुदायिक सेवा, नेतृत्व विकास, समय प्रबंधन तथा सांस्कृतिक गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षक विद्यार्थियों को सेवा, सहयोग, आत्मानुशासन और टीम भावना के महत्व से भी अवगत करा रहे हैं।
प्रथम एवं द्वितीय सोपान प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को भविष्य में राज्य पुरस्कार एवं राष्ट्रपति पुरस्कार जैसे प्रतिष्ठित स्काउट-गाइड सम्मान प्राप्त करने की दिशा में भी तैयार किया जा रहा है। शिविर में प्रतिभागी अत्यंत उत्साह एवं अनुशासन के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जिससे विद्यालयों में स्काउट-गाइड गतिविधियों को नई ऊर्जा एवं गति मिलने की उम्मीद है।

