हम भारती न्यूज़
मंडल व्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह
संभल से खास खबर
न्याय पंचायत नगलिया बल्लू में विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा
फैमिली आईडी, फार्मर रजिस्ट्री एवं आयुष्मान कार्ड कार्य में लापरवाही पर 02 पंचायत सहायकों का मानदेय रोका, 02 को कारण बताओ नोटिस ग्राम पंचायत अधिकारी को चेतावनी
सम्भल (बहजोई), 09 सितम्बर 2026
जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देशन एवं मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट की अध्यक्षता में विकासखंड पवांसा की न्याय पंचायत नगलिया बल्लू में विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), फैमिली आईडी, फार्मर रजिस्ट्री, आयुष्मान कार्ड, स्वच्छता, जल संरक्षण, डिजिटल लाइब्रेरी, स्वास्थ्य, शिक्षा, आंगनवाड़ी एवं विभिन्न पेंशन योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
एनआरएलएम के अंतर्गत 80 प्रतिशत ग्रामीण परिवारों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने के लिए समूह सखियों से संवाद कर उन्हें प्रेरित किया गया तथा उनकी समस्याओं की जानकारी ली गई। महिलाओं को प्रधानमंत्री की लखपति दीदी योजना एवं मुख्यमंत्री के मिशन शक्ति अभियान की जानकारी देते हुए आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया गया।
फैमिली आईडी, फार्मर रजिस्ट्री एवं आयुष्मान कार्ड में लापरवाही पर कार्रवाई
समीक्षा के दौरान फैमिली आईडी, फार्मर रजिस्ट्री एवं आयुष्मान कार्ड बनाने से संबंधित कार्यों में अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई। नागलिया बल्लू की पंचायत सहायक रेणु कुमारी एवं शालू राघव कासमपुर जगरूप के पंचायत सहायक का मानदेय रोकने की कार्रवाई की गई। वहीं प्रमोद कुमार ग्राम काजीबेहटा, सोनी ग्राम कैली को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
संबंधित ग्राम पंचायत अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पंचायत सहायकों के कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए फैमिली आईडी, फार्मर रजिस्ट्री एवं आयुष्मान कार्ड से संबंधित कार्यों में तेजी लाई जाए तथा पात्र ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराया जाए।
स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा
स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान आयुष्मान कार्ड की प्रगति अच्छी पाई गई, जबकि डायबिटीज की जांच एवं चिन्हांकन की प्रगति खराब पाए जाने पर संबंधित स्वास्थ्य कर्मियों को कार्य में सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने CHO को स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का ग्राम स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने तथा ग्रामीणों को स्वास्थ्य योजनाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देने के निर्देश दिए।
स्वयं सहायता समूहों के गठन में लापरवाही पर चेतावनी
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों के गठन की समीक्षा में कुछ समूह सचिवों द्वारा अपेक्षित प्रगति न किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की गई। कुछ समूह सचिवों द्वारा मात्र दो समूह गठित किए जाने पर संबंधित को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पात्र ग्रामीण परिवारों, विशेषकर महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के निर्देश दिए गए।
तालाब खुदाई एवं जल संरक्षण की समीक्षा
जिलाधिकारी के निर्देश पर ग्राम पंचायतों में तालाब खुदाई एवं जीर्णोद्धार के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। ग्राम पंचायत अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए प्रत्येक ग्राम पंचायत में तालाब के जीर्णोद्धार/खुदाई एवं जल संरक्षण से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता से कराया जाए। रोजगार सेवकों को कार्यों में तेजी लाने तथा ग्रामीणों को अनावश्यक रूप से समरसेबल न चलाने एवं जल संचयन के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण कर पुस्तकों एवं आवश्यक अवस्थापना सुविधाओं का जायजा लिया गया। बताया गया कि शीघ्र ही प्रत्येक डिजिटल लाइब्रेरी में तीन कंप्यूटर एवं इंटरनेट कनेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके माध्यम से युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं एवं नियमित अध्ययन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुंचाया जाए तथा जिन कार्यों में प्रगति कम है, उनमें तत्काल सुधार सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में खंड विकास अधिकारी पवांसा, सहायक विकास अधिकारी पंचायत, जिला मिशन मैनेजर, ब्लॉक मिशन मैनेजर, ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, पंचायत सहायक, समूह सखियां एवं विभिन्न विभागों के ग्राम स्तरीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जारी जिला सूचना कार्यालय, सम्भल।
