Type Here to Get Search Results !

https://www.facebook.com/humbharti.newslive

बाढ़ प्रभावित बझांगी एवं मजरों का जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण

 हम भारती न्यूज़ 

मंडल व्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह 

संभल से खास खबर 



बाढ़ प्रभावित बझांगी एवं मजरों का जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण



स्वास्थ्य, पेयजल, पशु चारा, फसल क्षति, विद्युत एवं सड़क व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक निर्देश


सम्भल (बहजोई), 09 सितम्बर 2026


जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल ने आज तहसील गुन्नौर के अंतर्गत  विकासखंड जुनावई के बाढ़ प्रभावित ग्राम बझांगी तथा उसके मजरा उदिया नगला एवं तोतापुर का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों एवं संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त करते हुए प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता राजीव कुमार से जलस्तर एवं पानी की स्थिति की जानकारी ली तथा रिंग बांध को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित बझांगी एवं उसके मजरों में स्वास्थ्य शिविर लगाना सुनिश्चित किया जाए। संबंधित एमओआईसी को स्वास्थ्य शिविरों में आवश्यक चिकित्सकीय एवं दवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


बाढ़ के कारण फसलों को हुए नुकसान के संबंध में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बझांगी एवं उसके मजरों में आगामी दिवस से बीमा शिविर लगाकर किसानों को आवश्यक जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने ग्राम सचिव एवं पंचायत सहायक को बीमा शिविरों में आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए।


जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी गुन्नौर को प्रभावित ग्रामों में नियमित फॉगिंग एवं एंटी लार्वा का छिड़काव कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पानी के टैंकर, पानी की टंकियों एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।  हैंडपंपों के रिबोर की कार्रवाई को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए।


उन्होंने संबंधित राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि लेखपाल क्षेत्र में निरंतर भ्रमणशील रहकर बाढ़ प्रभावित लोगों की समस्याओं एवं स्थिति की जानकारी लेते रहें।


जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के लिए पर्याप्त चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पशुओं के आवश्यक टीकाकरण के निर्देश दिए। प्रभावित क्षेत्रों में नाव की उपलब्धता एवं आवश्यकतानुसार संचालन की व्यवस्था को लेकर भी निर्देश दिए।


विद्युत व्यवस्था की जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने प्रभावित क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा सौर ऊर्जा से संबंधित व्यवस्थाओं एवं आगामी कार्ययोजना को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने राशन वितरण व्यवस्था की भी जानकारी ली तथा अंत्योदय राशन कार्ड सहित पात्र लाभार्थियों को नियमानुसार राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।


जिलाधिकारी ने बझांगी मार्ग की स्थिति का भी जायजा लिया। सड़क पर बने गड्ढों एवं सड़क निर्माण से संबंधित कार्यों को लेकर संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क पर मौजूद गड्ढों के कारण किसी प्रकार की दुर्घटना न हो, इसके लिए तत्काल बैरीकेडिंग कराने के निर्देश दिए।


जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सतत रूप से सुनिश्चित की जाएं तथा किसी भी प्रकार की समस्या की सूचना तत्काल उपलब्ध कराई जाए।


इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्यप्रिय सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तरुण पाठक, उप जिलाधिकारी गुन्नौर अवधेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



 जारी जिला सूचना कार्यालय, सम्भल

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies