हम भारती न्यूज़ मंडल संवाददाता संभल से खास खबर
सम्भल में स्ट्रॉबेरी की खेती को मिलेगा बढ़ावा, 10 हेक्टेयर का लक्ष्य निर्धारित
सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के कृषकों के लिए 7 हेक्टेयर तथा अनुसूचित जाति/जनजाति के कृषकों के लिए 3 हेक्टेयर लक्ष्य निर्धारित
पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर पंजीकरण के क्रम में मिलेगा अनुदान का लाभ
सम्भल (बहजोई), 04 सितम्बर 2026
मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना के अंतर्गत जनपद सम्भल में स्ट्रॉबेरी की खेती को बढ़ावा देने के लिए उद्यान विभाग को स्ट्रॉबेरी कार्यक्रम के तहत कुल 10 हेक्टेयर क्षेत्रफल का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इसमें 7 हेक्टेयर क्षेत्रफल सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग श्रेणी के कृषकों तथा 3 हेक्टेयर क्षेत्रफल अनुसूचित जाति/जनजाति श्रेणी के कृषकों के लिए निर्धारित किया गया है।
जिला उद्यान अधिकारी सौरभ बंसल ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत स्ट्रॉबेरी की खेती करने वाले पात्र कृषकों को पौध काइंड डीबीटी के माध्यम से अनुदान के रूप में उपलब्ध कराई जाएगी। योजना का लाभ पात्र कृषकों को निर्धारित प्रक्रिया एवं विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि स्ट्रॉबेरी कार्यक्रम के अंतर्गत अनुदान का लाभ पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर पंजीकरण के क्रम में देय होगा। निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष पात्र कृषकों का चयन पंजीकरण के क्रम में किया जाएगा।
जिला उद्यान अधिकारी ने जनपद के इच्छुक कृषकों से अपील की कि वे स्ट्रॉबेरी की खेती के लिए शीघ्र पंजीकरण कराकर योजना का लाभ प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि स्ट्रॉबेरी जैसी उच्च मूल्य वाली फसल की खेती से कृषकों को अतिरिक्त आय अर्जित करने का अवसर मिलेगा तथा जनपद में उद्यानिकी फसलों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल ने कहा कि स्ट्रॉबेरी जैसी उच्च मूल्य वाली उद्यानिकी फसलों को बढ़ावा देकर कृषकों की आय में वृद्धि की जा सकती है। उन्होंने इच्छुक कृषकों से योजना का लाभ उठाने की अपील की तथा उद्यान विभाग को पात्र कृषकों तक योजना का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए।
जारी जिला सूचना कार्यालय सम्भल


