हम भारती न्यूज़
मंडल व्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह
संभल से खास खबर
राजनीतिक दलों से 25 सितम्बर तक सुझाव/आपत्तियां मांगी गयीं
सम्भल (बहजोई), 24 सितम्बर 2026
जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देशन में तथा अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्यप्रिय सिंह की अध्यक्षता में आज कलक्ट्रेट सभागार, बहजोई में बरेली-मुरादाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से आगामी द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 हेतु मतदेय स्थलों के प्रस्ताव पर समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों के जनपदीय प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बरेली-मुरादाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के आगामी निर्वाचन को दृष्टिगत रखते हुए मतदेय स्थलों के प्रस्ताव, मतदाताओं की सुविधा तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक मतदाता को अधिकतम 16 किलोमीटर की दूरी के भीतर मतदान की सुविधा उपलब्ध कराने तथा मतदेय स्थलों पर न्यूनतम आवश्यक सुविधाएं यथा पेयजल, शौचालय, रैम्प, छाया, विद्युत व्यवस्था, फर्नीचर एवं सम्पर्क मार्ग सुनिश्चित करते हुए मतदेय स्थलों का निर्धारण किया जा रहा है।
आगामी निर्वाचन के लिए जनपद में कुल 07 मतदेय स्थल प्रस्तावित हैं, जिन पर कुल 3,501 मतदाता हैं।
प्रस्तावित मतदेय स्थलों का विवरण इस प्रकार है—
मनोटा (असमोली) विकासखण्ड कार्यालय मनौटा असमोली कक्ष 1 ( शिक्षकों के लिए)— 291 मतदाता
सम्भल तहसील कार्यालय सम्भल कक्ष 1( शिक्षकों के लिए)— 707 मतदाता
पवांसा विकासखण्ड कार्यालय पवांसा कक्ष1 ( शिक्षकों के लिए)— 367 मतदाता
चन्दौसी तहसील कार्यालय चंदौसी कक्ष 1 ( शिक्षकों के लिए) — 1,195 मतदाता
बहजोई विकासखण्ड कार्यालय बहजोई कक्ष 1( शिक्षकों के लिए)— 250 मतदाता
रजपुरा विकासखण्ड कार्यालय रजपुरा कक्ष 1 ( शिक्षकों के लिए) — 211 मतदाता
गुन्नौर विकासखण्ड कार्यालय गुन्नौर कक्ष 1 ( शिक्षकों के लिए) — 480 मतदाता
अधिकारियों ने बताया कि पवांसा विकास खण्ड कार्यालय में नया मतदेय स्थल प्रस्तावित किए जाने का प्रमुख कारण मतदाताओं की सुविधा है। वर्तमान व्यवस्था में बड़ी संख्या में मतदाताओं को मतदान के लिए सम्भल स्थित मतदान केंद्र तक जाना पड़ता था। स्थल एवं दूरी की जांच के बाद पवांसा में पृथक मतदेय स्थल प्रस्तावित किया गया है।
राजनीतिक दलों से सुझाव एवं आपत्तियां आमंत्रित
बैठक में बताया गया कि प्रस्तावित मतदेय स्थलों के संबंध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि 25 सितम्बर 2026 तक लिखित रूप में अपने सुझाव अथवा आपत्तियां प्रस्तुत कर सकते हैं। प्राप्त सुझावों एवं आपत्तियों की जांच कर नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा। इसके उपरांत संशोधन प्रस्ताव 26 सितम्बर 2026 को आयुक्त, बरेली मण्डल, बरेली के माध्यम से भारत निर्वाचन आयोग के अनुमोदन हेतु प्रेषित किए जाएंगे।
बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि बरेली-मुरादाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचित सदस्य डॉ हरी सिंह ढिल्लो का कार्यकाल 06 दिसम्बर 2026 को समाप्त होने के कारण रिक्ति को भरने हेतु भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।
23 अक्टूबर को होगा मतदान
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार—
निर्वाचन की अधिसूचना — 29 सितम्बर 2026
नाम निर्देशन की अंतिम तिथि — 06 अक्टूबर 2026
नाम निर्देशनों की जांच — 07 अक्टूबर 2026
नाम वापसी की अंतिम तिथि — 09 अक्टूबर 2026
मतदान — 23 अक्टूबर 2026
मतदान का समय — प्रातः 8:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक
मतगणना — 27 अक्टूबर 2026
निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने की अंतिम तिथि — 31 अक्टूबर 2026
बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में संबंधित अधिकारी तथा मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों के जिलाध्यक्ष एवं जनपदीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जारी जिला सूचना कार्यालय सम्भल।

