Type Here to Get Search Results !

https://www.facebook.com/humbharti.newslive

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वडनगर से वाराणसी यात्रा की तैयारियों की समीक्षा

 हम भारती न्यूज़ 

मंडल व्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह 

संभल से खास खबर 





मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को दिए जिम्मेदारियों के गंभीरता से निर्वहन के निर्देश


सम्भल (बहजोई), 24 सितम्बर 2026

आज कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देशन एवं मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट की अध्यक्षता में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रम संख्या-7 ‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’ की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई।

बताते चलें कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितम्बर से प्रारम्भ होकर 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत कुल 12 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें आशीर्वाद का दीया, मेरे सपनों का भारत, नमो सेवा अनकही कहानियां, आंगन मिलन सेवा, सेवा की कहानी, सेवा ज्योति कलश यात्रा, वडनगर से वाराणसी यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, सेवा के रंग राष्ट्र के संग, सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज एवं सुशासन सेवा संवाद शामिल हैं।

बैठक में बताया गया कि वडनगर से वाराणसी यात्रा के दौरान यात्रा में सम्मिलित यात्री जनपद सम्भल से भी होकर गुजरेंगे। जनपद में यात्रा के लिए रूट संख्या-7 एवं रूट संख्या-10 निर्धारित किए गए हैं। यात्रा में बाइक, बस, रथ आदि शामिल रहेंगे। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर महापुरुषों के स्मारकों पर माल्यार्पण भी किया जाएगा।

रूट संख्या-10 की यात्रा 29 सितम्बर को अनूपशहर की ओर से जनपद में प्रवेश करेगी तथा गवां टी-प्वाइंट से यात्रा प्रारम्भ होगी। दीपपुर के निकट वडनगर से आने वाले यात्रियों का सेवा सम्मान किया जाएगा। इसके साथ ही सभा एवं ग्राम चौपाल का आयोजन भी किया जाएगा।

यात्रा के दौरान नगर पंचायत गवां, गवां-सम्भल चौराहा, शकरपुर तारनपुर, खिरनी चौराहा, चौधरी सराय, भवानीपुर, नरौली, खेड़ा खास, मौलागढ़, चन्दौसी तथा गांधी पार्क चन्दौसी के फव्वारा चौक आदि स्थानों पर प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

इसी प्रकार रूट संख्या-7 के अंतर्गत नरौरा पुल से गुन्नौर एवं जुनावई की ओर जाने वाली यात्रा तथा इस मार्ग पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा से जुड़े सभी कार्यक्रमों एवं व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण कराते हुए अपने-अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी एवं मनोयोग से निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने यात्रा के दौरान स्वागत, सेवा सम्मान, सभा, ग्राम चौपाल, यातायात, साफ-सफाई, पेयजल सहित आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी राम आशीष, परियोजना निदेशक डीआरडीए आशीष कुमार चौबे, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत आशीष सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुधीर मल्होत्रा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

जारी जिला सूचना कार्यालय, सम्भल।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies