Type Here to Get Search Results !

https://www.facebook.com/humbharti.newslive

न्याय पंचायत दुपट्टा कला में विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा

 हम भारती न्यूज़ 

मंडल व्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह 

संभल से खास खबर 


न्याय पंचायत दुपट्टा कला में विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा




फैमिली आईडी, फार्मर रजिस्ट्री एवं आयुष्मान कार्ड कार्य में लापरवाही पर दो पंचायत सहायकों का वेतन रोका, तीन को कारण बताओ नोटिस


सम्भल (बहजोई), 07 सितम्बर 2026

जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देशन एवं मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट की अध्यक्षता में विकासखंड रजपुरा की न्याय पंचायत दुपट्टा कला में विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), फैमिली आईडी, फार्मर रजिस्ट्री, आयुष्मान कार्ड, स्वच्छता, जल संरक्षण, डिजिटल लाइब्रेरी, स्वास्थ्य, शिक्षा, आंगनवाड़ी एवं विभिन्न पेंशन योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

एनआरएलएम के अंतर्गत 80 प्रतिशत ग्रामीण परिवारों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने के लिए समूह सखियों से संवाद कर उन्हें प्रेरित किया गया तथा उनकी समस्याओं की जानकारी ली गई। महिलाओं को प्रधानमंत्री की लखपति दीदी योजना एवं मुख्यमंत्री के मिशन शक्ति अभियान की जानकारी देते हुए आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया गया।

फैमिली आईडी, फार्मर रजिस्ट्री एवं आयुष्मान कार्ड में लापरवाही पर कार्रवाई

समीक्षा के दौरान फैमिली आईडी, फार्मर रजिस्ट्री एवं आयुष्मान कार्ड बनाने से संबंधित कार्यों में पंचायत सहायकों द्वारा अपेक्षित प्रगति न किए जाने एवं लापरवाही पाए जाने पर दो पंचायत सहायकों का वेतन रोकने तथा तीन पंचायत सहायकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने की कार्रवाई की गई। संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए पात्र ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

तालाब खुदाई एवं जल संरक्षण की समीक्षा

जिलाधिकारी के निर्देश पर ग्राम पंचायतों में तालाब खुदाई एवं जीरो धार के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। रोजगार सेवकों को कार्यों में तेजी लाने तथा ग्रामीणों को अनावश्यक रूप से समरसेबल न चलाने एवं जल संचयन के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए गए।

डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण

मुख्य विकास अधिकारी द्वारा डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण कर पुस्तकों एवं आवश्यक अवस्थापना सुविधाओं का जायजा लिया गया। बताया गया कि शीघ्र ही प्रत्येक डिजिटल लाइब्रेरी में तीन कंप्यूटर एवं इंटरनेट कनेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके माध्यम से युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं एवं नियमित अध्ययन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।

बैठक में खंड विकास अधिकारी रजपुरा, सहायक विकास अधिकारी पंचायत, जिला मिशन मैनेजर मोहनलाल, ब्लॉक मिशन मैनेजर, ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, पंचायत सहायक, समूह सखियां एवं विभिन्न विभागों के ग्राम स्तरीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

जारी जिला सूचना कार्यालय, सम्भल

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies