हम भारती न्यूज़ मंडल व्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह संभल से खास खबर
जिलाधिकारी के निर्देश पर सम्भल में अवैध कब्जों के विरुद्ध अभियान जारी
ग्राम रामनगर में चकमार्ग को कराया गया कब्जामुक्त, उप जिलाधिकारी सम्भल के निर्देशन में नायब तहसीलदार शुभम के नेतृत्व में राजस्व टीम ने की कार्रवाई
सरकारी तालाबों, चकमार्गों एवं सरकारी भूमि से अवैध कब्जे हटाने के लिए अधिकारियों को दिए गए हैं निर्देश
सम्भल (बहजोई), 01 सितम्बर 2026
जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल द्वारा जनपद में चकमार्गों, तालाबों एवं सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए समस्त उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं खण्ड विकास अधिकारियों को अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही जिलाधिकारी द्वारा जनपद में 2 हेक्टेयर एवं उससे अधिक क्षेत्रफल वाले तालाबों का चिन्हीकरण कर उनकी सूची तैयार करने तथा ऐसे तालाबों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इसी क्रम में आज उप जिलाधिकारी सम्भल विकास चन्द्र के निर्देशन में नायब तहसीलदार शुभम के नेतृत्व में राजस्व टीम द्वारा ग्राम रामनगर में कार्रवाई करते हुए चकमार्ग गाटा संख्या 174 को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया।
जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल ने कहा कि जनपद में तालाबों, चकमार्गों एवं सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण करने तथा अभियान चलाकर अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा सरकारी भूमि एवं सार्वजनिक उपयोग की परिसंपत्तियों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
जारी जिला सूचना कार्यालय, सम्भल।

.jpeg)