हम भारती न्यूज़ मंडल व्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह संभल से खास खबर
पीएम श्री विद्यालय अतरासी के औचक निरीक्षण में डीएम ने परखी शैक्षिक एवं मूलभूत सुविधाओं की गुणवत्ता
एमडीएम की गुणवत्ता में कमी, खराब साफ-सफाई एवं विद्यार्थियों की कम उपस्थिति पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश
जिलाधिकारी ने बच्चों को पढ़ाया*गणित
प्रधानाध्यापक, एआरपी एवं एसआरजी का वेतन रोकने तथा संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण के निर्देश
विकासखण्ड पवांसा के आसपास गंदगी मिलने पर खण्ड विकास अधिकारी पवांसा का वेतन रोकने के भी दिए निर्देश
बेहटा जय सिंह चौराहे पर गंदगी मिलने पर सफाई प्रभारी का वेतन रोकने के भी दिए निर्देश
सम्भल (बहजोई), 31 अगस्त 2026
जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल ने आज पीएम श्री विद्यालय, अतरासी का औचक निरीक्षण कर विद्यालय में शैक्षिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों की उपस्थिति, मध्याह्न भोजन (एमडीएम), स्वच्छता, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं में कमियां पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई एवं व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन किया। विद्यार्थियों की कम उपस्थिति पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए प्रभावी प्रयास करने तथा अभिभावकों से नियमित संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही, विद्यालय की शैक्षिक व्यवस्था की प्रभावी निगरानी एवं पर्यवेक्षण न किए जाने पर संबंधित एआरपी एवं एसआरजी का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
एमडीएम की गुणवत्ता खराब मिलने पर कार्रवाई के निर्देश
जिलाधिकारी ने विद्यालय में बच्चों को दिए जा रहे मध्याह्न भोजन (एमडीएम) की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया। रोटी एवं सब्जी की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप न मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बच्चों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन ही उपलब्ध कराया जाए।
मिड-डे मील किचन में साफ-सफाई की खराब व्यवस्था मिलने पर भी जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। मानक के अनुरूप एमडीएम उपलब्ध न कराए जाने के मामले में ग्राम प्रधान को 95-(1)जी का नोटिस जारी करने तथा खराब गुणवत्ता का भोजन बच्चों को उपलब्ध कराने के लिए जिम्मेदार रसोइया को हटाने की कार्रवाई के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
शैक्षिक गुणवत्ता में कमी पर भी जताई नाराजगी
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने विद्यालय की कक्षाओं में जाकर शैक्षिक गुणवत्ता का जायजा लिया तथा स्वयं बच्चों को गणित विषय पढ़ाया। उन्होंने विद्यार्थियों से सवाल पूछकर उनके शैक्षिक स्तर की जानकारी प्राप्त की। शैक्षिक गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार न मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कक्षा में ग्रीन बोर्ड खराब पाए जाने पर उसे तत्काल बदलवाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि कक्षाओं में पर्याप्त प्रकाश एवं पंखों की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त एवं व्यवस्थित फर्नीचर उपलब्ध कराया जाए।
स्वच्छता व्यवस्था खराब मिलने पर कड़ी नाराजगी
जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर एवं शौचालयों का भी निरीक्षण किया। वहां गंदगी पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की तथा विद्यालय में नियमित एवं प्रभावी साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सफाईकर्मी की व्यवस्था के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देशित किया कि विद्यालय परिसर को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा रखा जाए तथा सभी मूलभूत सुविधाएं सुचारु रूप से संचालित रहें। साथ ही, सभी बच्चे निर्धारित विद्यालयी यूनिफॉर्म में ही विद्यालय आएं, यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पेयजल व्यवस्था का भी लिया जायजा
जिलाधिकारी ने विद्यालय में पेयजल व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की तथा बच्चों से वार्ता कर पेयजल की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालय में पर्याप्त एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध रहे तथा सभी हैंडपंप क्रियाशील अवस्था में रहें।
विद्यालय के पर्यवेक्षण में लापरवाही पर बीएसए एवं खंड शिक्षा अधिकारी से स्पष्टीकरण
विद्यालय में शैक्षिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों की उपस्थिति, एमडीएम एवं साफ-सफाई सहित विभिन्न व्यवस्थाओं में कमियां पाए जाने पर जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा प्रभावी पर्यवेक्षण न किए जाने पर स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए।
बेहटा जय सिंह चौराहे पर गंदगी मिलने पर सफाई प्रभारी का वेतन रोकने के निर्देश
विद्यालय निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने बेहटा जय सिंह चौराहे के पास साफ-सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। वहां अत्यधिक गंदगी पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की तथा संबंधित सफाई प्रभारी का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही विकासखंड पवांसा के आसपास लगभग 100 मीटर के क्षेत्र में अत्यधिक गंदगी पाए जाने पर खंड विकास अधिकारी पवांसा अमरजीत सिंह का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थलों एवं उनके आसपास नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पौष्टिक भोजन, स्वच्छ वातावरण, सुरक्षित पेयजल एवं सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी मुंशी लाल पटेल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जारी जिला सूचना कार्यालय, सम्भल

