हम भारती न्यूज़ संवाददाता मोहम्मद अशरफ जिला ब्यूरो चीफ सारण बिहार।
होली कॉन्वेंट रेजिडेंशियल पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मना श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव, मटका फोड़ प्रतियोगिता बना आकर्षण का केंद्र
सारण जिले के गरखा थाना क्षेत्र के अख्तियारपुर चौक स्थित प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान होली कॉन्वेंट रेजिडेंशियल पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं मटका फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर "हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की" के जयकारों से गूंज उठा।
विद्यालय के नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राएं राधा-कृष्ण, गोप-गोपियों की मनमोहक वेशभूषा में सजे हुए थे। बच्चों ने एक से बढ़कर एक मनमोहक झांकियां, भजन और नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मटका फोड़ प्रतियोगिता रहा, जिसमें बच्चों ने टोली बनाकर मानव पिरामिड बनाते हुए मटकी फोड़ी। इस दौरान अभिभावकों और शिक्षकों ने तालियों से बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर श्री प्रमोद कुमार सिंह ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि - "पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण का जन्म भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को मथुरा के कारागार में हुआ था। उनका अवतार अत्याचारी राजा कंस का विनाश करने और पृथ्वी को उसके अत्याचारों से मुक्त कराने के लिए हुआ था। श्रीकृष्ण का जीवन हमें प्रेम, त्याग और कर्तव्य का संदेश देता है।"
वहीं विद्यालय के प्राचार्य श्री रंजीत कुमार सिंह ने छात्र-छात्राओं को श्रीकृष्ण के जीवन दर्शन से अवगत कराते हुए कहा कि - "जब धरती पर पाप, अन्याय, अहंकार और अज्ञान का अंधकार बढ़ गया था, तब सृष्टि के पालनहार भगवान विष्णु ने श्रीकृष्ण के रूप में 16 कलाओं के साथ अवतार लिया और सत्य, धर्म, प्रेम और न्याय का मार्ग दिखाया। गीता में दिया गया उनका कर्म का संदेश आज भी पूरे विश्व के लिए प्रासंगिक है।"
उन्होंने बच्चों से उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
अंत में प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी बच्चों को पुरस्कृत किया गया और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस मौके पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावकगण एवं सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

.jpeg)
