रामगढ़ ताल में रविकिशन और जितिन प्रसाद ने की बोटिंग:2 सीटर का 200 रुपए रेट, जल्द लग्जरी क्रूज भी ताल में चलेगा
हम भारती न्यूज से गोरखपुर जिला ब्यूरो प्रमुख धर्मेन्द्र कुमार श्रीवास्तव
गोरखपुर के रामगढ़ताल में लोग अब कयाकिंग बोटिंग कर सकेंगे। 14 जुलाई गुरूवार की सुबह करीब 7 बजे PWD मंत्री जितिन प्रसाद, सदर सांसद रविकिशन और एडीजी जोन अखिल कुमार ने टू सीटर बोटिंग यानी कयाकिंग का शुभारंभ किया। जिसका किराया 1 लोग का 100 रुपए होगा। यानी 200 रुपए 2 सीटर के लिए लगेंगे।
इस बीच रवि किशन और जितिन प्रसाद ने रामगढ़ताल में बोटिंग भी की। उन्होंने इसकी तस्वीरें अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर भी शेयर की हैं।
गुरुवार सुबह मंत्री जितिन प्रसाद और सदर सांसद रविकिशन ने झंडी दिखाकर कयाकिंग का शुभारंभ किया
जीडीए ने खरीदे 5 कयाक
गोरखपुर विकास प्राधिकरण ने कयाकिंग के लिए पांच बोट खरीदे हैं। प्राधिकरण ने इसका परीक्षण भी पूरा कर लिया है। एक बोट की कीमत करीब 30 हजार रुपए है। एक कयाक पर एक साथ दो लोग बैठ सकेंगे। इसके साथ सुरक्षा से जुड़े उपकरण भी होंगे।
इस बोट को खुद चलाया जा सकता है। कयाकिंग के लिए यहां छोटी-मोती प्रतियोगिताएं भी होंगी। जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह ने कहा कि "पहली बार रामगढ़ताल में कयाक चलाई जा रही है। इससे ताल की खूबसूरती और बढ़ेगी और पर्यटकों का रोमांच भी बढ़ेगा।"
दीवाली के बाद शुरू होगा लग्जरी क्रूज
एडीजी अखिल कुमार और अन्य पुलिस अधिकारियों ने कयाकिंग का आनंद उठाया
गोरखपुर के लोग दीवाली के बाद रामगढ़ताल में लग्जरी क्रूज का भी आनंद ले पाएंगे। इसके लिए जीडीए ने कोलकाता की फर्म को संचालन की जिम्मेदारी दी है। जीडीए की नीलामी में चार फर्में शामिल हुईं थी। इनमें 7.41 लाख रुपए की सर्वाधिक बोली लगाने वाले राजकुमार राय की फर्म को क्रूज चलाने का अधिकार मिला है।
लग्जरी क्रूज चलाने वाली फर्म को अभी प्रजेंटेशन देना होगा। इसके बाद वर्क आर्डर जारी किया जाएगा। इसके बाद कॉन्ट्रैक्ट साइन किया जाएगा। फर्म, अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस पांच करोड़ या उससे ज्यादा की लागत का क्रूज संचालित करेगी। यह क्रूज विदेश से लाई जाएगी। रामगढ़ताल में ही पार्ट्स को असेंबल (पार्ट जोड़ा) किया जाएगा। इसमें करीब तीन महीने का समय लगेगा।
जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह ने बताया कि दिवाली तक रामगढ़ताल में क्रूज का संचालन शुरू हो जाएगा। नीलामी में शामिल होने वाली तीन और फर्मों में दूसरे नंबर की डाई फूड एंड फैशन प्राइवेट लिमिटेड ने 7.32 लाख, कांटिनेंटल डेवलपर्स ने 3.90 लाख और मीरा शुक्ला ने 3.27 लाख रुपए की बोली लगाई। जीडीए ने क्रूज के संचालन के लिए न्यूनतम तीन लाख रुपए प्रति माह किराए पर बोली शुरू की थी।
