जीएसटी छापे पर लगाई 72 घण्टे की रोक
हम भारती न्यूज़ से गोरखपुर जिला ब्यूरो प्रमुख धर्मेन्द्र कुमार श्रीवास्तव
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में हो रही जीएसटी विभाग की छापेमारी पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। यूपी सरकार ने अगले 72 घंटे तक के लिए जीएसटी विभाग की छापेमारी को रोकने का आदेश दिया है। इस छापेमारी को लेकर पूरे प्रदेश भर में आक्रोश था और हर जिले में व्यापारी सड़क पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे थे। व्यापारियों का आरोप था कि जीएसटी विभाग के अफसर उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं। इस सम्बंध में महापौर सीताराम जायसवाल व उप्र व्यापारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष पुष्पदंत जैन ने मुख्यमंत्री से बातकर व्यापारियों को होने वाली समस्याओं से अवगत कराया था।
गौरतलब है कि पिछले एक हफ्ते से प्रदेश स्तर पर जीएसटी विभाग की छापेमारी चल रही है। इस छापेमारी से यूपी के सभी जिलों के व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है, जिसके चलते अधिकतर बाजार बंद हैं। जीएसटी टीम की छापेमारी से डरे व्यापारी अपनी दुकानों को बंद किए हैं। पूरे व्यापारियों में बड़ा आक्रोश है, जगह-जगह विरोध प्रदर्शन हो रहा है।
