खेल के मैदान की भूमि पर हुए अवैध कब्जे पर गर्जा बाबा का बुल्डोजर
हम भारती न्यूज़ से गोरखपुर मण्डल ब्यूरो प्रमुख धर्मेन्द्र कुमार श्रीवास्तव
बस्ती कलवारी – कलवारी थाना क्षेत्र के नगर पंचायत गायघाट में राजस्व व नगर पंचायत की संयुक्त टीम ने खाद गड्ढा व खेल के मैदान की भूमि पर हुए अवैध निर्माण को मंगलवार को जेसीबी चलवाकर ध्वस्त करा दिया गया। तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में किए गए शिकायत को डीएम प्रियंका निरंजन ने संज्ञान में लिया था।जिसके आदेश पर नगर नायब तहसीलदार वीर बहादुर सिंह के नेतृत्व में कार्यवाही की गई।नगर पंचायत गायघाट के गांधी नगर वार्ड (मरवटिया) निवासी रघुनाथ पाल ने नगर पंचायत गायघाट के प्रभारी अधिशासी अधिकारी अमरजीत के अलावा तहसील संपूर्ण समाधान दिवस से लगायत मुख्यमंत्री से शिकायत किया था कि गाटा संख्या 30/0.219 हेक्टेयर खाद के गड्ढे व 31/0.049 हेक्टेयर खेल के मैदान पर अवैध निर्माण व कब्जा है। लेखपाल सुनील पटेल ने 25 नवंबर 2022 को राजस्व टीम के साथ शिकायत के आधार पर भूमि की पैमाइश करते हुए चिन्हांकित कर रिपोर्ट नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को प्रेषित कर दी थी। नगर पंचायत के प्रभारी अधिशासी अधिकारी की ओर से भूमि से अवैध निर्माण व कब्जा हटाने का नोटिस भी जारी की गई थी। बावजूद इसके अवैध कब्जा व निर्माण नहीं हटाया गया। 30 दिसंबर दिन शुक्रवार को नायब तहसीलदार नगर वीर बहादुर सिंह ने राजस्व विभाग, नगर पंचायत की टीम व गायघाट चौकी इंचार्ज द्वारिका प्रसाद चौधरी के साथ जेसीबी लेकर मौके पर पहुंचे। भूमि का चिन्हांकन कराया तो प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया। जिसके बाद अवैध कब्जाधारियों ने नायब तहसीलदार से उक्त भूमि से कब्जा हटाने के लिए एक दिन का समय मांगा था। समय मांगने के बाद तीन दिन बीत जाने के बावजूद अवैध कब्जा नहीं हटाया गया। शिकायतकर्ता द्वारा प्रशासन से लगातार शिकायत करने पर मंगलवार को दोपहर बाद नायब तहसीलदार नगर वीर बहादुर सिंह, प्रभारी अधिशासी अधिकारी अमरजीत व गायघाट चौकी इंचार्ज द्वारिका प्रसाद के साथ जेसीबी लेकर मौके पर पहुंचे। फिर चिन्हांकित भूमि से जेसीबी द्वारा अवैध निर्माण, टीनशेड, छप्पर, शौचालय, चरन को ध्वस्त किया गया। गांधी नगर वार्ड के राम शंकर, सीताराम व राजमन का ईट के दीवार पर छप्पर, गंगाराम, अमित, उमाशंकर, रामबचन व रामसुमेर के ईट की दिवाल पर टीनशेड, ग्रीस का दो भुसौला, राजमन का कंड़ी, दयाराम का शौचालय को ढहाया गया। राजस्व टीम ने गाटा संख्या 30/0.219 हे. खाद गड्ढा व 31/0.049 हेक्टेयर खेल के मैदान से अवैध कब्जा मुक्त कराया। इस दौरान नायब तहसीलदार ने अवैध कब्जा धारियों से दिन में तीन दिन के अंदर भूमि से मलवा हटाने का निर्देश दिया। कहा कि यदि तीन दिन के अंदर मलबा नहीं हटाया गया तो नगर पंचायत प्रशासन इसे स्वयं उठा ले जायेगा।
इस अवसर पर मुख्य रूप से राजस्व निरीक्षक कृष्ण चंद्र तिवारी, लेखपाल दिलीप पटेल, अरविंद यादव, विक्की, सूर्य दत्त चौधरी, विनोद मौर्या, सूर्यभान उपाध्याय सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
