यूपी के मथुरा से बड़ी खबर
जिस युवक ने पहले प्रयास में UPSC में हासिल की 710वीं रैंक, यमुना किनारे मिली उसकी लाश, चीत्कार उठे घरवाले
हम भारती न्यूज से उत्तर प्रदेश चीफ व्यूरो प्रमुख धर्मेन्द्र कुमार श्रीवास्तव की ख़ास खबर
मथुरा उत्तर प्रदेश के मथुरा में यूपीएससी परीक्षा में सफल अभ्यर्थी का मंगलवार को यमुना किनारे शव मिला। देश की प्रतिष्ठित यूपीएससी परीक्षा के मंगलवार को जारी परिणाम में 710वीं रैंक लाने वाले अभ्यर्थी सत्यम निवासी मगोर्रा के परिवार की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं।
परिणाम आने से पूर्व सुबह उसका शव वृंदावन के चीरघाट के पास यमुना में उतराता हुआ मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मामला हत्या, आत्महत्या व हादसे की त्रिकोणीय गुत्थी में उलझा हुआ है।
वाकया मंगलवार सुबह सात बजे करीब का है। नाविक राजेंद्र निषाद अपनी नाव लेकर यमुना में गया था। चीरघाट के पास उसकी नाव से यमुना में उतराता हुआ शव टकराया। इसकी सूचना उसने पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया।
जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर मृतक की शिनाख्त सत्यम उर्फ सत्यवीर सिंह (27) पुत्र निहाल सिंह निवासी शाहपुर चैनपुर, मगोर्रा के तौर पर हुई। सूचना पर परिवार वाले पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम को भेजा गया। इसी बीच दोपहर में यूपीएससी का परीक्षा परिणाम जारी हुआ।
मृतक के भाई पुरुषोत्तम ने परिणाम देखा तो सत्यम का नाम सफल अभ्यर्थियों की सूची में था। उसने 710वीं रैंक पाई थी। यह देख परिवार वाले व पुलिस भी हैरान रह गई। पुरुषोत्तम ने बताया कि सत्यम पढ़ाई के लिहाज से किराए के मकान में बीएसए कॉलेज के पास स्थित कृष्णा विहार कालोनी में रहता था। कुछ समय दिल्ली में तैयारी करने के बाद वापस मथुरा लौटकर खुद से तैयारी की थी।