हम भारती न्यूज़
मंडल ब्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह
संभल से खास खबर
सम्भल ( बहजोई) 20 दिसम्बर 2025
सेवा न्याय उत्थान फाउंडेशन, नई दिल्ली द्वारा संभल जनपद के परिषदीय (सरकारी) विद्यालयों के चयनित विद्यार्थियों के लिए टेकफेस्ट 2025, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बॉम्बे की राष्ट्रीय रोबोटिक्स प्रतिस्पर्धा हेतु आयोजित त्रिदिवसीय विशेष रोबोटिक्स प्रशिक्षण कार्यशाला सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई।
यह प्रशिक्षण कार्यशाला जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय सभागार, संभल एवं ब्लॉक रिसोर्स सेंटर (बीआरसी), बहजोई में आयोजित की गई।
इस कार्यशाला में कक्षा 5 से 9 तक के चयनित विद्यार्थी सम्मिलित हुए। ये वही विद्यार्थी हैं जिन्होंने पूर्व में आईआईटी दिल्ली के वार्षिक प्रौद्योगिकी महोत्सव TRYST में भाग लेकर देशभर से आए अभियांत्रिकी छात्रों के विरुद्ध प्रतिस्पर्धा करते हुए अंतिम चरण में चौथा स्थान प्राप्त किया था, तथा इसके पश्चात आईआईटी कानपुर के TECHKRITI में भी इन विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यशाला के दौरान जिलाधिकारी, संभल डॉ राजेन्द्र पैंसिया ने स्वयं उपस्थित होकर आगामी राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा टेकफेस्ट 2025, आईआईटी बॉम्बे हेतु विद्यार्थियों को आशीर्वाद, प्रेरणा एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) अलका शर्मा भी उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उत्साहवर्धन किया।
प्रशिक्षण कार्यशाला में विद्यार्थियों के साथ नामित शिक्षक-शिक्षिकाओं की भी सक्रिय सहभागिता रही, जिनमें प्रमुख रूप से
शालिनी सक्सेना, विजय शर्मा, अभिषेक रस्तोगी एवं मधुलिका सिंह सम्मिलित रहे।
कार्यशाला का तकनीकी प्रशिक्षण सेवा न्याय उत्थान फाउंडेशन के रोबोटिक्स प्रशिक्षक श्री रुद्रभा मुखर्जी द्वारा प्रदान किया गया।
यह संपूर्ण कार्यक्रम सेवा न्याय उत्थान फाउंडेशन के संस्थापक संजीव नेवर की परिकल्पना, मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में संचालित किया गया।
संजीव नेवर, जो आईआईटी–आईआईएम के पूर्व छात्र हैं, का उद्देश्य वंचित पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों को उन्नत विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियांत्रिकी एवं गणित (स्टेम) तथा रोबोटिक्स शिक्षा से जोड़कर उन्हें राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर के अवसरों के लिए सक्षम बनाना है।
तीन दिवसीय रोबोटिक्स प्रशिक्षण के समापन सत्र में जिलाधिकारी डॉ राजेन्द्र पैंसिया एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा मार्गदर्शन एवं शुभकामनाएं प्रेषित की गयीं कि सभी विधार्थी आईआईटी बॉम्बे में अपने प्रदेश और जनपद का नाम रोशन करें।
शालिनी सक्सेना, मधुलिका , अभिषेक रस्तोगी, विजय शर्मा, सहित 11 बच्चे प्रतियोगिता में जा रहे हैं।
समापन समारोह में खण्ड शिक्षा अधिकारी मुंशी लाल पटेल, पोप सिंह, एवं दीनदयाल शर्मा, शैलेजा मिश्रा, विक्रम सिंह आदि समापन समारोह में उपस्थित रहे।

